किशनगंज : गलगलिया हाई स्कूल में साइबर, नशामुक्ति व सड़क सुरक्षा को लेकर चला जागरूकता अभियान
Cyber Smart Tuesday’ के तहत पुलिस ने छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय

किशनगंज, 29 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को गलगलिया हाई स्कूल में ‘Cyber Smart Tuesday’ अभियान के अंतर्गत साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।यातायात थाना किशनगंज के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और उपस्थित लोगों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।
पुलिस पदाधिकारियों ने ऑनलाइन फ्रॉड, यूपीआई एवं क्यूआर कोड फ्रॉड, ओटीपी और बैंकिंग फ्रॉड, फिशिंग, फर्जी नौकरी एवं लोन के नाम पर होने वाली ठगी, सोशल मीडिया फ्रॉड तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के प्रति लोगों को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम, यूपीआई पिन अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से भी बचने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति जागरूकता अभियान भी चलाया गया। पुलिस ने छात्र-छात्राओं और आम लोगों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य, सामाजिक एवं पारिवारिक नुकसान की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
इसके अलावा सड़क सुरक्षा को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया गया। लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की गई। तेज गति से वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की सलाह दी गई।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।



