किशनगंज : प्रशासनिक कारणों से किशनगंज के सहायक निदेशक खनन का मुख्यालय तबादला
किशनगंज, 24 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व विभाग ने किशनगंज जिला खनन कार्यालय के सहायक निदेशक मो. अखलाक हुसैन का तबादला विभागीय मुख्यालय कर दिया है। विभाग ने यह कार्रवाई प्रशासनिक कारणों से की है। इस संबंध में खान एवं भूतत्व विभाग के अपर सचिव भारत भूषण प्रसाद के आदेश से अधिसूचना जारी की गई है। तबादला आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी अधिसूचना के मुताबिक मो. अखलाक हुसैन को अगले आदेश तक खान एवं भूतत्व विभाग के मुख्यालय में पदस्थापित किया गया है। विभाग ने उन्हें 24 सितंबर 2026 की दोपहर तक मुख्यालय में अपनी नई जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया है। हालांकि, मुख्यालय में उन्हें कौन-सी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, इसका स्पष्ट उल्लेख अधिसूचना में नहीं किया गया है।
विभागीय आदेश में बताया गया है कि तबादले का निर्णय सक्षम अधिकारी की स्वीकृति के बाद लिया गया है। आदेश की प्रतिलिपि पूर्णिया के प्रमंडलीय आयुक्त, किशनगंज के जिलाधिकारी, बिहार के महालेखाकार, वित्त विभाग, किशनगंज के कोषागार पदाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है। सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
विभाग ने सभी उप निदेशक, सहायक निदेशक और खनिज विकास अधिकारियों को भी तबादले की सूचना दी है। उन्हें विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मो. अखलाक हुसैन के मुख्यालय तबादले के बाद किशनगंज जिला खनन कार्यालय में सहायक निदेशक का पद रिक्त हो जाएगा। अब विभाग की ओर से इस पद पर किसी दूसरे अधिकारी की पदस्थापना अथवा किसी अधिकारी को अतिरिक्त प्रभार दिए जाने को लेकर अलग आदेश जारी किए जाने की संभावना है। फिलहाल मुख्यालय में मो. अखलाक हुसैन की नई जिम्मेदारी को लेकर विभाग की ओर से कोई अतिरिक्त जानकारी जारी नहीं की गई है।



