*“जलमीनार सफाई अभियान” के तहत अब तक 18,481 जलमीनार/पानी की टंकियों की हुई सफाई*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद /ग्रामीण बिहार के प्रत्येक घर तक स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, बिहार द्वारा चलाए जा रहे “जलमीनार सफाई अभियान” के तहत राज्यभर में जलमीनारों एवं पानी की टंकियों की सफाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है। अब तक कुल 18,481 जलमीनार एवं पानी की टंकियों की सफाई पूरी की जा चुकी है।
विभाग के निर्देश पर सितंबर माह में विशेष अभियान के रूप में जलमीनारों/पानी की टंकियों की सफाई एवं निरीक्षण कराया जा रहा है। अभियान के तहत विभागीय अधिकारियों की सीधी जवाबदेही तय की गई है। क्षेत्र के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता अपने समक्ष जलापूर्ति योजनाओं की पानी की टंकियों की सफाई सुनिश्चित करा रहे हैं।
सफाई के दौरान टंकियों के अंदर जमा गाद, मिट्टी एवं अन्य अवशेषों को हटाने के साथ आवश्यक साफ-सफाई एवं डिसइंफेक्शन का कार्य कराया जा रहा है। इसके साथ ही अधिकारियों द्वारा जलापूर्ति योजनाओं का स्थल निरीक्षण कर जलापूर्ति की स्थिति एवं योजनाओं के रखरखाव की भी समीक्षा की जा रही है।
अभियान में पारदर्शिता एवं प्रभावी निगरानी के लिए सफाई कार्य की तस्वीरें मौके से ही विभागीय MIS पोर्टल पर अपलोड की जा रही हैं। अभियान की प्रगति की दैनिक मॉनिटरिंग सचिव स्तर से की जा रही है, जिससे सफाई कार्य में तेजी के साथ-साथ योजनाओं के नियमित रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जा सके।
“टंकी साफ रहेगी, तभी नल से निकलने वाला पानी सुरक्षित रहेगा” के संकल्प के साथ लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, बिहार द्वारा ‘हर घर नल का जल’ योजना के तहत लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जलापूर्ति की आधारभूत संरचनाओं के नियमित रखरखाव को प्राथमिकता दी जा रही है।



