District Adminstrationअपराधकिशनगंजताजा खबरपश्चिम बंगालबिहारब्रेकिंग न्यूज़राज्य

किशनगंज : फर्जी आधार कार्ड गिरोह का मुख्य वांछित आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

टेढ़ागाछ थाना कांड 112/26 में किशनगंज पुलिस की कार्रवाई, गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा

किशनगंज, 19 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, टेढ़ागाछ थाना कांड संख्या 112/26 में किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फर्जी आधार कार्ड एवं जाली दस्तावेज तैयार करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य वांछित आरोपी को पुलिस ने पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्द्धमान जिले से गिरफ्तार किया है। किशनगंज पुलिस की विशेष जांच टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रैना थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी को दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान स्वप्नमय अधिकारी, पिता संजय अधिकारी, निवासी नारायणपुर, थाना रैना, जिला पूर्व बर्द्धमान, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह द्वारा फर्जी प्रमाण-पत्र तैयार कर उसके आधार पर अवैध तरीके से आधार कार्ड समेत अन्य जाली दस्तावेज बनाए जा रहे थे। इस मामले में पुलिस ने पहले दो अप्रैल 2026 को कार्रवाई करते हुए गिरोह के एक मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया था। इसके बाद प्राथमिकी की जांच आगे बढ़ने पर गिरोह में पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के अपराधियों की संलिप्तता के साक्ष्य सामने आए।

जांच के क्रम में पुलिस को जानकारी मिली कि पश्चिम बंगाल का गिरफ्तार आरोपी गिरोह के सदस्यों को फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाने के लिए आधार इनरोलमेंट क्लाइंट सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराने में मदद करता था। इसी माध्यम से किशनगंज के कुछ दुकानदारों तक अवैध रूप से सॉफ्टवेयर पहुंचाए जाने की बात भी जांच में सामने आई है। गिरोह द्वारा किराना दुकान की आड़ में इस फर्जीवाड़े को संचालित किए जाने की जानकारी पुलिस को मिली है।

पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। शेष वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार स्वप्नमय अधिकारी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

कार्रवाई में एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक उमेश कुमार, जिला आसूचना इकाई प्रभारी मो. मुश्ताक, ठाकुरगंज थानाध्यक्ष दिलशाद खान सहित पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button