किशनगंज : 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा स्वच्छता ही सेवा अभियान

किशनगंज, 17 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में स्वच्छता को जन-आंदोलन का स्वरूप देने और जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ गांवों के निर्माण के उद्देश्य से स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान-2026 का शुभारंभ किया गया। अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिले के सभी प्रखंडों एवं ग्राम पंचायतों में चलाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
अभियान के तहत सामुदायिक स्वच्छता स्थलों (CTU) का रूपांतरण, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, स्वच्छता पाठशाला, ‘युवा फॉर स्वच्छता’, सफाई मित्रों की सुरक्षा एवं सम्मान, जनभागीदारी से स्वच्छता तथा Waste to Wealth से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगी। बाजार, हाट, मुख्य मार्ग, तालाब, नदी घाट, विद्यालय, धार्मिक स्थलों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों की विशेष सफाई की जाएगी।
सफाई किए गए CTU स्थलों के पहले और बाद के फोटो निर्धारित पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। साथ ही सफाई के बाद इन स्थलों के नियमित रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम होंगे। सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच और सम्मान कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान घर-घर जागरूकता, स्वच्छता चौपाल, रैली, पदयात्रा, प्रभात फेरी, स्वच्छता शपथ, जलस्रोतों की सफाई तथा प्लास्टिक व कचरा मुक्त अभियान चलाया जाएगा। 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस पर विशेष स्वच्छता अभियान होगा। 1 अक्टूबर को सुबह 8 बजे ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ सामूहिक श्रमदान किया जाएगा। वहीं 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस पर ग्राम सभा, समीक्षा, स्वच्छता शपथ और पौधारोपण कार्यक्रम होंगे।
जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, जीविका, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं एवं आमजनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। अभियान की गतिविधियों की दैनिक निगरानी और पोर्टल पर समयबद्ध रिपोर्टिंग भी सुनिश्चित की जाएगी।



