किशनगंजज्योतिष/धर्मबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज में धूमधाम से मनाई गई विश्वकर्मा पूजा

वाहनों, मशीनों और प्रतिष्ठानों में हुई विशेष पूजा-अर्चना, पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

किशनगंज, 17 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा की पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न स्थानों पर पूजा पंडाल बनाए गए, जहां सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। लोगों ने अपने वाहनों, मशीनों, औजारों और दुकानों में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं कारोबार में सफलता की कामना की।किशनगंज शहर के रेलवे कॉलोनी, धरमगंज सहित कई इलाकों में आकर्षक पूजा पंडाल बनाए गए थे। पंडालों को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और सजावटी सामग्री से सजाया गया था। पूजा स्थलों पर भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु भगवान विश्वकर्मा की आराधना करते नजर आए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी विश्वकर्मा पूजा को लेकर खासा उत्साह रहा। परिवार के साथ लोग पूजा स्थलों पर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा की।

ऑटोमोबाइल वर्कशॉप, गैराज, परिवहन प्रतिष्ठानों और उद्योगों में भी विशेष आयोजन किए गए। वाहन मालिकों और चालकों ने ट्रक, बस, ऑटो, ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल सहित अन्य वाहनों की साफ-सफाई कर उनकी पूजा की। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। कुछ जगहों पर भंडारे का भी आयोजन हुआ।

पूजा समितियों की ओर से कई स्थानों पर मेले लगाए गए हैं। मेला परिसर में झूले, खाने-पीने की दुकानें और विभिन्न प्रकार के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने रहे। बच्चों और युवाओं की भीड़ भी मेले में पहुंची। पूजा पंडालों और मेला क्षेत्रों में सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। विश्वकर्मा पूजा को लेकर प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती गई। प्रमुख पूजा स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई। संवेदनशील क्षेत्रों में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। प्रशासन ने पूजा समितियों से सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की अपील की है।

पूजा के अवसर पर देर शाम से देर रात तक विभिन्न स्थानों पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है। पूरे जिले में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button