सहरसा : सरोजा गांव में दुर्गा पूजा को लेकर ग्रामीणों की बैठक, कलश स्थापना से दशमी तक होगी रामलीला

सहरसा, 14 सितंबर (के.स.)। अजय कुमार, आगामी दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर सरोजा पंचायत स्थित भगवती स्थान प्रांगण में रविवार की शाम ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गा पूजा को लेकर की जाने वाली तैयारियों, धार्मिक कार्यक्रमों और मेले के आयोजन सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता विजय कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन जयशंकर सिंह ने किया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष दुर्गा पूजा के अवसर पर कलश स्थापना के दिन से लेकर विजयादशमी तक रामलीला का आयोजन किया जाएगा। रामलीला के माध्यम से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को भगवान श्रीराम के जीवन एवं आदर्शों से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।
इसके अलावा पूजा के दौरान होने वाले अन्य धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर भी आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में इस वर्ष भगवती स्थान परिसर में लगने वाले मेले का विस्तार कर उसे और भव्य रूप देने पर भी सहमति बनी।
ग्रामीणों ने कहा कि पूजा के दौरान बड़ी संख्या में आसपास के गांवों से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। ऐसे में मेले को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
अभिषेक सिंह ने बताया कि इस बार भगवती स्थान परिसर में लगने वाले मेले को भव्य रूप देने की तैयारी की जा रही है। मेले में बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए जाएंगे। वहीं मीना बाजार के साथ-साथ अलग-अलग प्रकार के व्यंजनों की दुकानें भी लगाई जाएंगी। इससे पूजा के साथ मेले में आने वाले लोगों को मनोरंजन और खरीदारी की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
ग्रामीणों ने बताया कि पूजा और मेला दोनों को लेकर अभी से तैयारी शुरू कर दी गई है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए साफ-सफाई, आवागमन, पेयजल सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा। बैठक में आयोजन को सफल बनाने के लिए ग्रामीणों से सहयोग की अपील की गई।
बैठक में धर्मवीर सिंह, जय प्रताप सिंह, मिथिलेश कुमार सिंह, हेमंत कुमार सिंह, देवव्रत सिंह, दिवाकर सिंह,विभूति सिंह, बंटी सिंह, सुमित सिंह,विक्रम सिंह, सागर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।


