District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : 15 सितंबर को 20 पंचायतों में लगेगा सहयोग शिविर, मौके पर सुनी जाएंगी जन शिकायतें

किशनगंज, 14 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जन शिकायतों के सुलभ तरीके से प्राप्त करने और उनके प्रभावी निवारण के उद्देश्य से जिले की 20 पंचायतों में मंगलवार, 15 सितंबर को पंचायतवार ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किया जाएगा। मुख्य सचिव, बिहार के निर्देश पर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को ऐसे शिविर आयोजित किए जाने हैं। सार्वजनिक अवकाश की स्थिति में शिविर अगले कार्य दिवस को आयोजित होगा।

जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने शिविर के सफल आयोजन के लिए पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। जिलाधिकारी स्वयं कोचाधामन प्रखंड की डेरामारी पंचायत में आयोजित शिविर में शामिल होंगे। यहां पंचायत सरकार भवन में शिविर लगाया जाएगा।

शिविर में आम लोगों से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों को पंजीकृत किया जाएगा तथा संबंधित विभागों के माध्यम से उनका नियमानुसार समाधान कराया जाएगा। जिन मामलों के निस्तारण के लिए निर्धारित समय सीमा है, उसके अनुसार कार्रवाई कर आवेदक को लिखित सूचना देने का निर्देश दिया गया है। शिविर से 30 दिन पूर्व से आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था भी की गई है। प्रखंड विकास पदाधिकारियों को इसके लिए कोषांग गठित कर आवेदनों का पंजी संधारित करने और समयपूर्व निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी जाएगी। इसके अलावा राजस्व न्यायालयों में लंबित एवं निष्पादित मामलों की सूची भी प्रदर्शित की जाएगी, ताकि लोगों को अपने मामलों की स्थिति की जानकारी आसानी से मिल सके।

इन पंचायतों में लगेगा शिविर:

कोचाधामन की डेरामारी, पाटकोई कला व तेघरिया; किशनगंज की बेलवा, सिंघिया कुलामनी व हलामाला; बहादुरगंज की गांगी, देशियाटोली व चिकाबाड़ी; दिघलबैंक की तुलसिया, दहीभात व धनगढ़ा; पोठिया की पहाड़कट्टा, जहांगीरपुर व परलाबाड़ी; टेढ़ागाछ की कालपीर व झुनकी मुशहरा तथा ठाकुरगंज की तातपौआ, जिरनगच्छ व दल्लेगांव पंचायत में शिविर आयोजित होगा।

प्रशासन ने संबंधित बीडीओ को शिविर स्थलों पर बैठने, पेयजल समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button