अपराधबिहारब्रेकिंग न्यूज़

सहरसा : कनरिया पुलिस ने हथियार व गोली के साथ दो अभियुक्त को किया गिरफ्तार

दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर एक के पास से चार गोली बरामद, दूसरे को हथियार के साथ दबोचा

सहरसा, 11  सितंबर (के.स.)। अजय कुमार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पूर्वी कोसी तटबंध के अंदर कनरिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से हथियार व गोली बरामद होने की बात पुलिस ने बताई है। दोनों आरोपितों के विरुद्ध अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर शुक्रवार को सहरसा न्यायालय भेज दिया गया।

घर में गोली छिपाकर रखने की मिली थी सूचना

कनरिया थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के खर्रा गांव के वार्ड संख्या आठ निवासी विनोद सादा उर्फ विलायती सादा अपने घर में अवैध रूप से गोली छिपाकर रखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपित के घर की घेराबंदी कर छापेमारी की।

इस दौरान विनोद सादा को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से चार गोली बरामद की गई। पुलिस ने बरामद गोली को जब्त करते हुए आरोपित को थाना ले आयी। उन्होंने बताया कि विनोद सादा का आपराधिक इतिहास भी रहा है।

अपराध की साजिश रचते बदमाश गिरफ्तार

वही पुलिस ने दूसरी कार्रवाई के दौरान गुरुवार की देर रात दह घाट के समीप छापेमारी कर एक बदमाश को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के दह गांव के वार्ड संख्या 10 निवासी ध्रुव कुमार दह घाट के समीप मौजूद है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपित भागने लगा। हालांकि पहले से सतर्क पुलिस बल ने पीछा कर उसे खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार बरामद किया गया।

अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज

थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों मामलों में अलग अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ के बाद शुक्रवार को सहरसा न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध हथियार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button