राजनीति

देश के प्रधानसेवक अब प्रधान इवेंट मैनेजर बन चुके हैं – ललन सिंह

त्रिलोकी नाथ प्रसाद :-जनता दल(यू0) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह माननीय सांसद श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ‘‘ललन’’ ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जाति आधारित गणना के आंकड़े सामने आने के बाद पिछड़ा और अतिपिछड़ा समाज को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए बिहार की सरकार हर आवश्यक प्रयास करने के लिए कृतसंकल्पित है। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सामाजिक न्याय के साथ विकास की अवधारणा को मूलमंत्र मानकर प्रदेश सरकार शोषित और वंचित वर्गों के लिए निरंतर कार्य करती रही है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि समाज के सभी वर्गाे के साथ न्याय औऱ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विशेष अवसर प्रदान कर उन्हें मुख्यधारा में लाया जाए यही हमारे सामाजिक न्याय का मूल तत्व है। जद(यू0) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा के राज्यसभा सांसद श्री सुशील कुमार मोदी को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सुशील मोदी छपास रोग से ग्रसित नेता है। अखबार में उनका बयान देखा, वह दावा कर रहे थे कि जातीय गणना करवाने में भाजपा की भूमिका है। लेकिन असलियत बिहार की जनता भी जानती है, श्री सुशील कुमार मोदी को आत्मचिंतन करने की आवश्यकता है। हाई कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक किन लोगों ने जातीय गणना की प्रक्रिया में अड़ंगा लगाने का पुरजोर प्रयास किया यह किसी से भी छिपा हुआ नहीं है। भारतीय जनता पार्टी का पिछड़ा और अतिपिछड़ा विरोधी चेहरा बेनकाब हो चुका है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज पूरे देश में जातीय जनगणना की आवश्यकता है और अन्य राज्यों की जनता भी अब जोर-शोर से इसकी मांग कर रही है लेकिन केंद्र की मोदी सरकार को शोषित और वंचित समाज के उत्थान से कोई मतलब नहीं है। भाजपा को केवल अपने प्रचार-प्रसार की चिंता है महिला आरक्षण बिल भी 10 साल बाद लागू होगा लेकिन केवल प्रचार के उद्देश्य से मोदी सरकार ने विशेष सत्र बुलाकर इस बिल को पास करवाया। खुद को देश का प्रधानसेवक कहने वाले आज प्रधान इवेंट मैनेजर बन गए हैं। नई दिल्ली में पत्रकारों पर हुए छापेमारी पर उन्होंने कहा कि देश की समस्याओं पर बात करने वाले पत्रकारों को मोदी सरकार अपने पालतू तोतों के सहारे डराने का काम कर रही है लेकिन भाजपा का यह प्रयास कभी सफल नहीं होगा। 2024 नजदीक है, भाजपा का विदाई होना तय हो चुका है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
error: Content is protected !!