किशनगंज : डीएम ने जिला सामान्य शाखा का किया औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन का निर्देश

किशनगंज, 08 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी नवीन कुमार ने मंगलवार को जिला सामान्य शाखा कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव और विभिन्न मामलों के निष्पादन की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यालय व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने सभी संचिकाओं और पंजियों को निर्धारित इंडेक्स के अनुसार क्रमबद्ध एवं सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन अभिलेख महत्वपूर्ण प्रशासनिक दस्तावेज हैं, इसलिए इनके रख-रखाव में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अक्रियाशील संचिकाओं को भी चिह्नित कर सुरक्षित एवं उपयुक्त स्थान पर व्यवस्थित रखने को कहा गया।
उन्होंने मानवाधिकार, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, सूचना का अधिकार (आरटीआई), विधानसभा प्रश्न सहित महत्वपूर्ण पत्रों एवं मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीएम ने स्पष्ट कहा कि महत्वपूर्ण मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान चौकीदार समेत सभी कर्मियों के सेवा संबंधी मामलों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने सेवानिवृत्ति से पूर्व कर्मियों के सेवांत लाभ की प्रक्रिया समय रहते पूरी करने तथा सेवा अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया।
कार्यालय के सभी कर्मियों को कंप्यूटर एवं टाइपिंग का प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि डिजिटल दक्षता से कार्यालयीन कार्यों में तेजी और पारदर्शिता आएगी।
डीएम ने कार्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और खराब उपकरणों को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दो माह में प्रभारी पदाधिकारी तथा वर्ष में दो बार वरीय पदाधिकारी द्वारा कार्यालय का निरीक्षण किया जाए। साथ ही जिले में निर्गत शस्त्रों का नवीनीकरण नियमानुसार ससमय सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता विभागीय जांच, प्रभारी पदाधिकारी जिला सामान्य शाखा समेत अन्य कर्मी उपस्थित थे।


