अपराधबिहारब्रेकिंग न्यूज़

सहरसा/बेटे का शव देख मां ने भी प्राण त्यागेः छोटी-सी बात पर घेरकर ली युवक की जान, एक साथ जली मां-बेटे की चिता, गांव में पसरा सन्नाटा

बेटे का शव देखकर उसकी 80 वर्षीया मां पविया देवी यह सदमा सहन नहीं कर सकी।बेटे के शव पर गिरकर बिलखते हुए मां ने भी मौके पर दम तोड़ दिया

सहरसा, 07 सितंबर (के.स.)। अजय कुमार, सहरसा में राशन कार्ड पर अंगूठा लगाने को लेकर हुए विवाद में युवक की पीट पीट कर हत्या के बाद घर में मातम पसरा है। पोस्टमार्टम के बाद बेटे का शव देखते ही 80 वर्षीया मां ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है।जिले के सलखुआ प्रखंड के चिड़ैया थाना क्षेत्र अंतर्गत चानन पंचायत के सहुरिया, हनुमान टोला में रविवार को ऐसा हृदयविदारक मंजर देखने को मिला, जिसे देख हर किसी की आंखें नम हो गई। राशन कार्ड विवाद में मारे गए 45 वर्षीय अर्जुन सादा का शव पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही घर पहुंचा, बेटे का शव देखकर उसकी 80 वर्षीया मां पविया देवी यह सदमा सहन नहीं कर सकी।बेटे के शव पर गिरकर बिलखते हुए मां ने भी मौके पर दम तोड़ दिया। एक ही आंगन से जब मां और बेटे की अर्थी एक साथ निकली तो पूरे गांव में मातम पसर गया। श्मशान घाट पर जब दोनों की चिताएं एक साथ जली तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें छलक पड़ी।

‘बबुआ उठ न…’ कहते ही थम गई बूढ़ी मां की सांसें

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार दोपहर बाद एंबुलेंस से जैसे ही अर्जुन सादा का शव घर के दरवाजे पर पहुंचा, वहां चीख-पुकार मच गई। लाठी के सहारे चौखट पर बैठी 80 वर्षीय पविया देवी बदहवास हालत में बेटे के शव के पास पहुंचीं। बेटे का शव देखते ही वह दहाड़ मारकर रोने लगीं और देखते ही देखते अचेत होकर उसके शव पर गिर पड़ीं। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतक अर्जुन सादा अपने पीछे चार बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं। एक ही दिन में बच्चों के सिर से पिता और दादी मां का साया उठ गया।

क्या था मामला : राशन कार्ड पर अंगूठा लगाने को लेकर हुआ था विवाद

घटना के संबंध में बताया जाता है कि 5 सितंबर को सहुरिया वार्ड-13 स्थित हनुमान टोला में राशन वितरण के दौरान ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच वाद-विवाद हुआ था। पुरानी रंजिश के कारण विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों लोहे कि सरिया से मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान कोकराहां टोला-निवासी हरीलाल सादा के पुत्र अर्जुन सादा गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई।

24 घंटे में तीन मुख्य आरोपी गिरफ्तार

हत्याकांड की संवेदनशीलता को देखते हुए सहरसा पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग के निर्देश पर सिमरी बख्तियारपुर के नवपदस्थापित एसडीपीओ निशीकांत भारती के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

एसडीपीओ निशीकांत भारती ने बताया की चिड़ैया थाना कांड संख्या-53/26 के तहत त्वरित छापेमारी कर तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश कुमार, सूरज कुमार और शंकर कुमार शामिल हैं। तीनों कोकराहां टोला-सहुरिया, थाना चिड़ैया के निवासी हैं।

06 महिला सहित 20 लोगों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज

मृतक अर्जुन सादा के भाई अरविंद सादा के लिखित आवेदन पर चिड़ैया थाने में छह महिला समेत 20 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। छापेमारी दल में चिड़ैया थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक इंद्रजीत कुमार तांती, एसआई प्रेमचंद्र चौधरी, सहायक अवर निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button