District Adminstrationकिशनगंजठाकुरगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़राज्य

ठाकुरगंज : निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन की गुणवत्ता पर सवाल, ग्रामीणों ने लगाए अनियमितता के आरोप

लाल बालू दिखावे के लिए रखने और सफेद बालू से निर्माण का आरोप, सड़क सुविधा पर भी उठे सवाल

किशनगंज, 07 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/फ़रीद अहमद, ठाकुरगंज प्रखंड के जीरनगछ पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-04 स्थित माटीखुरा में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन को लेकर ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। निर्माण स्थल पर लाल बालू केवल दिखावे के लिए रखा गया है, जबकि कथित तौर पर निर्माण में सफेद बालू का इस्तेमाल किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने निर्माण में इस्तेमाल होने वाले सीमेंट की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाया है। उनका कहना है कि ढलाई के दौरान सेटिंग की व्यवस्था भी सही तरीके से नहीं की गई। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि निर्माण कार्य में इसी तरह गुणवत्ता से समझौता होता रहा तो भविष्य में भवन की मजबूती और टिकाऊपन प्रभावित हो सकता है।

सड़क सुविधा के बिना भवन निर्माण पर सवाल

निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन को लेकर ग्रामीणों ने एक अन्य गंभीर सवाल भी उठाया है। ग्रामीणों के अनुसार भवन जिस आदिवासी टोला में बनाया जा रहा है, वहां तक पहुंचने के लिए अब तक समुचित सरकारी सड़क की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में उनका सवाल है कि जब गांव तक आवागमन की बेहतर सुविधा ही उपलब्ध नहीं है तो पंचायत सरकार भवन के निर्माण स्थल का चयन किस आधार पर किया गया।ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर लगाए गए सूचना पट को लेकर भी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि सूचना पट पर योजना से संबंधित आवश्यक जानकारियां स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं हैं। इससे आम लोगों को योजना की लागत, निर्माण एजेंसी, समय-सीमा समेत अन्य जानकारी हासिल करने में परेशानी हो रही है।

निर्धारित समय बीता, अब तक अधूरा निर्माण

सूचना पट के अनुसार भवन निर्माण कार्य पूरा करने की निर्धारित तिथि 11 सितंबर 2025 थी। निर्धारित समय सीमा समाप्त हुए करीब एक वर्ष होने को है, लेकिन सितंबर 2026 तक भी भवन का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। इससे कार्य की प्रगति और निर्माण की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

बताया गया कि भवन का निर्माण कार्य कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल, किशनगंज की कार्यकारी एजेंसी के माध्यम से कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच, इस्तेमाल की जा रही निर्माण सामग्री की जांच तथा योजना से जुड़ी सभी जानकारियां सूचना पट पर सार्वजनिक करने की मांग की है।मामले में विभागीय पदाधिकारी का पक्ष प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। पक्ष प्राप्त होने पर उसे प्रकाशित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button