किशनगंज : जनता की फरियाद से नहीं बच सकेंगे अफसर, सोमवार-शुक्रवार कार्यालय में रहना होगा अनिवार्य
आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को डीएम ने दिए निर्देश

किशनगंज, 07 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सात निश्चय-3 के तहत सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान की पहल की है। जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने सोमवार को आमजनों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को सभी पदाधिकारी अनिवार्य रूप से अपने-अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर लगाने से बचाना और समस्याओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना है।
उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। प्रत्येक कार्यालय में आगंतुक पंजी का विधिवत संधारण करते हुए शिकायतों की प्रविष्टि और उनके निष्पादन की स्थिति दर्ज करने को कहा गया।
डीएम ने प्रखंड, पंचायत और जिला स्तर पर प्रतिदिन आगंतुकों की संख्या की रिपोर्टिंग अनिवार्य करने का निर्देश दिया। यदि किसी कारण से संबंधित पदाधिकारी कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते हैं, तो उनके स्थान पर अधिकृत अधिकारी आम लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे।
एक से अधिक कार्यालयों का प्रभार संभालने वाले अधिकारियों को सोमवार और शुक्रवार को सुविधा के अनुसार समय निर्धारित कर सभी कार्यालयों में उपस्थित रहने को कहा गया है। डीएम ने निर्देशों की अवहेलना पर संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।



