डीएम ने हाई स्कूल मैदान में स्टेडियम निर्माण हेतु स्थल का निरीक्षण कर नगर परिषद कार्यपालक को आवश्यक निर्देश दिया

सहरसा/अजय कुमार ::-जिले के अनुमंडल मुख्यालय सिमरी बख्तियारपुर स्थित हाई स्कूल मैदान का जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने शनिवार को निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। मैदान में खेल गतिविधियों को देखते हुए डीएम ने इसे जल्द ही स्टेडियम के रूप में विकसित करने की बात कही। डीएम ने कहा कि हाई स्कूल मैदान में लंबे समय से स्थानीय युवा एवं खिलाड़ी विभिन्न खेलों का अभ्यास और आयोजन करते हैं। ऐसे में इस मैदान को व्यवस्थित एवं आधुनिक रूप देकर खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल परिसर के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मैदान परिसर को स्टेडियम के रूप में तब्दील किया जाएगा। जिससे यहां के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
”खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच”
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर मैदान के साथ आवश्यक संसाधन और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की। स्टेडियम बनने के बाद स्थानीय खिलाड़ियों को खेल गतिविधियों के लिए एक बेहतर मंच मिलेगा। इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा और वे जिला एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने मैदान के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली और परिसर को व्यवस्थित तरीके से विकसित करने पर जोर दिया। मैदान में खिलाड़ियों और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्था करने की बात कही गई।
”नगर परिषद पदाधिकारी को दिया निर्देश”
डीएम ने मौके पर मौजूद नगर परिषद के पदाधिकारी को मैदान के विकास को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम निर्माण की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाया जाए। मैदान परिसर की साफ-सफाई, समतलीकरण, जल निकासी समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर भी ध्यान देने को कहा गया। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि मैदान को इस प्रकार विकसित किया जाए कि यहां खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ अन्य बड़े आयोजनों में भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मैदान से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी डीएम को दी। डीएम के इस निर्देश से स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उम्मीद जगी है कि हाई स्कूल मैदान को जल्द ही एक बेहतर खेल परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा। स्टेडियम बनने से सिमरी बख्तियारपुर के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।


