ताजा खबर

जिलाधिकारी ने सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल प्लस टू उच्च विद्यालय सिमरी बख्तियारपुर का निरीक्षण किया. अव्यवस्था देख प्रबंधक को लगायी फटकार, बिना रिपेयर पेंटिंग और गंदगी पर जताई नाराजगी, क्लास टीचर से पूछताछ कर कार्रवाई का दिया निर्देश

सहरसा)  अजय कुमार/जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने शनिवार को सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल प्लस टू उच्च विद्यालय सिमरी बख्तियारपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में पठन-पाठन, शैक्षणिक संसाधनों और साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में विद्यालय परिसर में मिली अव्यवस्था पर डीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित लोगों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। डीएम ने सबसे पहले विद्यालय के स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर रूम, लैब सहित अन्य कक्षाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई की जानकारी ली और शिक्षकों से भी पठन-पाठन की व्यवस्था के संबंध में पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों के उपयोग और बच्चों को दी जा रही शैक्षणिक सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान डीएम ने शिक्षक दिवस पर डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैलीय चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

”बिना रिपेयर पेंटिंग पर भड़के डीएम”

निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन में बिना रिपेयर के कराई गई पेंटिंग को देखकर डीएम दीपेश कुमार ने विद्यालय प्रबंधन पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि भवन की आवश्यक मरम्मत के बाद ही पेंटिंग कराई जानी चाहिए, ताकि विद्यालय का स्वरूप बेहतर और व्यवस्थित रहे। डीएम ने संबंधित लोगों को जल्द से जल्द रिपेयर का कार्य पूरा कराने के बाद पुनः पेंटिंग कराने का निर्देश दिया।

”क्लास टीचर से की पूछताछ, कार्रवाई का निर्देश”

डीएम ने विद्यालय में मौजूद क्लास टीचर से भी पठन-पाठन और कक्षा संचालन के संबंध में जानकारी ली। पूछताछ के दौरान वे असंतुष्ट दिखे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना जरूरी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

”गंदगी देख सफाई का दिया निर्देश”

निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में गंदगी देखकर भी डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को जल्द से जल्द परिसर की सफाई कराने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालय में नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने को कहा। उन्होंने कहा कि विद्यालय का वातावरण स्वच्छ और व्यवस्थित होना चाहिए, ताकि बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिल सके। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी रोहित रोशन, एसडीएम आलोक राय, बीडीओ सह बीईओ मोहन कुमार सिंह,बख्तियापुर थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार, दारोगा स्वीटी कुमारी आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button