किशनगंज : गलगलिया चेकपोस्ट पर तस्करी रोकने को डीएम-एसपी ने की संयुक्त ब्रीफिंग

किशनगंज, 03 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार की सीमा से बाहर से आने वाले अवैध एवं संदिग्ध सामानों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए गुरुवार को ठाकुरगंज प्रखंड सभागार में डीएम नवीन कुमार और एसपी संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में अधिकारियों की ब्रीफिंग हुई। इसमें गलगलिया चेकपोस्ट पर तैनात दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों को वाहनों की सघन जांच और निगरानी के निर्देश दिए गए।
बैठक में बिहार के बाहर से आने वाले गिट्टी, बालू, फर्जी जीएसटी बिल एवं माइनिंग चालान के माध्यम से होने वाले अवैध परिवहन के साथ-साथ मवेशी, बेडमिशाली, कोयला, लकड़ी, ब्राउन शुगर, स्मैक, गांजा, सोना-चांदी सहित अन्य प्रतिबंधित एवं संदिग्ध सामानों की तस्करी रोकने पर चर्चा की गई।
डीएम नवीन कुमार और एसपी संतोष कुमार ने चेकपोस्ट पर प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि ड्यूटी के दौरान पूरी सजगता के साथ वाहनों की जांच करें। किसी भी संदिग्ध वाहन अथवा कागजात में गड़बड़ी पाए जाने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों को विशेष रूप से अंतरराज्यीय सीमा से आने वाले वाहनों पर नजर रखने को कहा गया।
बैठक में सहायक निदेशक, खान एवं भूतत्व विभाग ने बिहार के बाहर से बालू एवं गिट्टी लदे वाहनों की जांच के लिए निर्धारित एसओपी की विस्तृत जानकारी दी। वहीं परिवहन, जीएसटी और उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने वाहनों के कागजात, कर संबंधी दस्तावेज और अन्य आवश्यक जांच प्रक्रियाओं की जानकारी पुलिस व दंडाधिकारियों के साथ साझा की।
डीएम-एसपी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ गलगलिया चेकपोस्ट पर नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया। अधिकारियों से कहा गया कि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।


