District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : स्वास्थ्य और बिजली की शिकायतों के लिए 24 घंटे व्हाट्सऐप सुविधा शुरू

किशनगंज, 03 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, आम लोगों की स्वास्थ्य और विद्युत विभाग से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान कराने के लिए जिला प्रशासन ने 24 घंटे व्हाट्सऐप सुविधा शुरू की है। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर जिला नियंत्रण कक्ष (आपदा प्रबंधन), किशनगंज में यह सुविधा संचालित की जाएगी। इसके माध्यम से आमजन अपनी शिकायतें और समस्याएं सीधे व्हाट्सऐप के जरिए भेज सकेंगे।

स्वास्थ्य विभाग से संबंधित शिकायतों के लिए 9973666016 और विद्युत विभाग से जुड़ी शिकायतों के लिए 9939973003 व्हाट्सऐप नंबर निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार दोनों नंबरों पर प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग तक पहुंचाया जाएगा, ताकि समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान कराया जा सके।

प्रशासन ने शिकायतों की निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की है। नियंत्रण कक्ष में प्राप्त प्रत्येक शिकायत के संबंध में शिकायतकर्ता का नाम, संपर्क नंबर, शिकायत प्राप्त होने का समय, संबंधित विभाग को सूचना दिए जाने का समय और शिकायत के निष्पादन की स्थिति शिकायत पंजी में अनिवार्य रूप से दर्ज की जाएगी।

प्रतिनियुक्त कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। शिकायत के समाधान में आवश्यकता होने पर संबंधित विभाग के नोडल पदाधिकारी से तत्काल समन्वय स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही कर्मियों को पूरी तत्परता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा गया है।

जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि स्वास्थ्य एवं विद्युत विभाग से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के त्वरित समाधान के लिए निर्धारित व्हाट्सऐप नंबरों का उपयोग करें।

प्रशासन का मानना है कि इस पहल से शिकायतों के निष्पादन में तेजी आएगी और आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button