किशनगंजज्योतिष/धर्मबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

किशनगंज, 24 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सावन माह की अंतिम सोमवारी पर सोमवार को किशनगंज जिले के विभिन्न शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर बेलपत्र, फूल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की तथा सुख-समृद्धि की कामना की।शहर के गौशाला स्थित भूतनाथ शिव मंदिर में सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। मंदिर परिसर में भीड़ को देखते हुए समिति और प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश और निकास व्यवस्था के साथ सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

अंतिम सोमवारी के अवसर पर भूतनाथ गौशाला शिव मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष सरदार लखविंदर सिंह लक्खा ने फीता काटकर किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की भी मौजूदगी रही। मंदिर समिति की ओर से भजन-कीर्तन और शिव भक्ति गीतों की प्रस्तुति की गई, जिससे वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट रहे। प्रमुख शिव मंदिरों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन या पूजा-अर्चना में किसी तरह की परेशानी न हो।

मनोकामना पूरी होने की मान्यता

धार्मिक मान्यता के अनुसार सावन की अंतिम सोमवारी को भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा और जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसी आस्था के चलते जिले के विभिन्न शिवालयों में सुबह से देर तक श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। मंदिरों में जयघोष और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक बना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button