District Adminstrationबिहारब्रेकिंग न्यूज़

अररिया : अवैध किराया वसूली के खिलाफ परिवहन विभाग का अभियान, 56 बसों की जांच

अररिया, 22 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/अब्दुल कैय्युम, यात्रियों से निर्धारित किराया से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायतों को लेकर जिला परिवहन विभाग ने शनिवार को जिलेभर में व्यापक जांच अभियान चलाया। जिलाधिकारी विनोद दूहन के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने अररिया बस स्टैंड समेत 19 प्रमुख स्थानों और बस पड़ावों पर करीब 56 यात्री बसों की जांच की। इस दौरान नियमों के उल्लंघन के मामलों में करीब 38,500 रुपये जुर्माना वसूला गया।जांच के दौरान बसों में निर्धारित पॉइंट-टू-पॉइंट किराया सारणी के प्रदर्शन की भी जांच की गई। अधिकारियों ने बसों में यात्रा कर रहे यात्रियों से सीधे पूछताछ कर यह जानकारी ली कि उनसे निर्धारित किराया लिया जा रहा है या अतिरिक्त राशि की वसूली की जा रही है। यात्रियों से किराया वसूली को लेकर शिकायत और आपत्ति की जानकारी भी ली गई।

बुकिंग काउंटरों की भी जांच

अररिया बस स्टैंड पर विभिन्न बसों के बुकिंग काउंटरों की भी जांच की गई। काउंटर संचालकों को बसों में निर्धारित किराया सारणी अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने तथा यात्रियों से सरकार द्वारा निर्धारित किराया ही लेने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन को शिकायत मिल रही थी कि कुछ बस संचालक निर्धारित किराया से अधिक राशि यात्रियों से वसूल रहे हैं। कई बसों में विभिन्न गंतव्यों के लिए निर्धारित किराया तालिका भी प्रदर्शित नहीं की जा रही थी। इससे यात्रियों से मनमाना किराया वसूले जाने की आशंका बनी रहती थी।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान नियमों के अनुपालन की स्थलीय जांच की गई है। आगे भी नियमित रूप से औचक जांच जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित किराया से अधिक राशि वसूलने अथवा किराया सारणी प्रदर्शित नहीं करने वाले बस संचालकों के खिलाफ जुर्माना समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध फिटनेस संबंधी कार्रवाई, वाहन जब्ती सहित उपलब्ध विधिक प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जा सकती है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों के हितों के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अवैध किराया वसूली पर रोक लगाने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button