सावन महोत्सव में महिलाओं की बड़ी भागीदारी, दीपिका पांडेय सिंह ने कहा—सांस्कृतिक आयोजन संगठन को देते हैं नई ऊर्जा

रांची, 17 अगस्त 2026। झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित सावन महोत्सव में ग्रामीण विकास, पंचायती राज एवं ग्रामीण कार्य मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह शामिल हुईं। कार्यक्रम में झारखंड कांग्रेस प्रभारी श्री के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश, सह-प्रभारी श्री प्रसाद सिरिबेला, श्री भूपेंद्र मरावी, पूर्व मंत्री श्री सुबोधकांत सहाय तथा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती रमा खलखो सहित पार्टी के कई नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री के. राजू ने उपस्थित महिलाओं को सावन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के बेहतर स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि और सफलता की कामना की तथा महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी और उत्साह की सराहना की। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सावन झारखंड समेत पूरे देश की संस्कृति और उमंग से जुड़ा पर्व है। ऐसे आयोजन सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ महिलाओं को आपसी संवाद और अनुभव साझा करने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस सामाजिक और सांस्कृतिक सरोकारों से जुड़कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का काम कर रही है। झारखंड की महिलाएं समाज, शासन, राजनीति, अर्थव्यवस्था और जनसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रभावी भूमिका निभा रही हैं। दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता सशक्त, समावेशी और प्रगतिशील झारखंड की पहचान है। सावन जैसे पर्व केवल उत्सव तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लोक-संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करने का माध्यम भी हैं।सावन महोत्सव में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के दौरान सांस्कृतिक एवं सामाजिक सहभागिता के माध्यम से महिला संगठन की सक्रियता और एकजुटता भी देखने को मिली।