किशनगंज : टिप्पीझारी में 105 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग, 50 मरीजों को बांटे गए पोषण पैकेट

किशनगंज, 12 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को पोठिया प्रखंड के टिप्पीझारी आदिवासी टोला स्थित अंबेडकर भवन में विशेष टीबी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी नवीन कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिला प्रशासन के निर्देश पर जिले के विभिन्न प्रखंडों में टीबी की जांच और जागरूकता को लेकर इस तरह के विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
शिविर में कुल 105 संभावित टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों की जांच करने के साथ टीबी के लक्षणों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी भी दी। शिविर के दौरान 50 टीबी मरीजों के बीच पोषण संबंधी फूड पैकेट का वितरण किया गया। ये फूड पैकेट मास एग्रो फूड कंपनी लिमिटेड, पोठिया की ओर से उपलब्ध कराए गए थे। जिलाधिकारी नवीन कुमार और कंपनी के जनरल मैनेजर ने संयुक्त रूप से मरीजों को पैकेट वितरित किए।
इसके अलावा टीबी मरीजों के हाउसहोल्ड कॉन्टैक्ट की भी स्क्रीनिंग कर उन्हें टीपीटी (टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट) की दवा उपलब्ध कराई गई, ताकि संक्रमण की संभावित आशंका को कम किया जा सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नवीन कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि टीबी के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करें। किसी व्यक्ति में टीबी से संबंधित लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराएं और स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से टीबी का प्रभावी ढंग से इलाज संभव है।
शिविर में जिला संचारी रोग पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के कर्मी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।



