किशनगंज में अवैध खनन के खिलाफ खनन विभाग की कार्रवाई, पांच ट्रैक्टर व जेसीबी जब्त

किशनगंज, 11 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध खनन एवं खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर खनन विभाग की टीम ने महीनगांव पंचायत के गोविंदपुर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध खनन एवं परिवहन में प्रयुक्त पांच ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन को जब्त किया।
छापेमारी का नेतृत्व खान निरीक्षक सुनील कुमार ने किया। अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर अवैध खनन एवं परिवहन में जुटे लोगों में हड़कंप मच गया। टीम ने सभी जब्त वाहनों को किशनगंज सदर थाना लाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
खनन विभाग की कार्रवाई से अवैध रूप से खनन एवं खनन सामग्री का परिवहन करने वालों में खलबली मच गई है। विभाग का कहना है कि जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से खनन गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ गुप्त सूचनाओं के आधार पर भी कार्रवाई की जा रही है।
खान निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि जिले में अवैध खनन और परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन कर खनन अथवा खनन सामग्री का परिवहन करते पकड़े जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ आने वाले दिनों में भी लगातार छापेमारी अभियान जारी रहेगा।
खनन विभाग की इस कार्रवाई को अवैध खनन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग ने लोगों से भी अवैध खनन की सूचना प्रशासन को देने की अपील की है।



