District Adminstrationकिशनगंजठाकुरगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

ठाकुरगंज : गलगलिया चेकपोस्ट पर डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण, सीमा सुरक्षा को लेकर सख्ती

मानव तस्करी, नशे और अवैध आवाजाही पर प्रभावी निगरानी के निर्देश, सीमांत गांवों के विकास के लिए मिशन ‘शक्ति’ की रूपरेखा

किशनगंज, 09 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से पहल तेज कर दी है। रविवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान गलगलिया चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन नियंत्रण और आमजनों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने अधिकारियों को नो मेन्स लैंड को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया। सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा अवैध गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखने तथा अवैध आवाजाही पर रोक लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।अधिकारियों ने मानव तस्करी, शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। सीमा क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की निगरानी को प्रभावी बनाने तथा आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही गई। डीएम ने कहा कि सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ सीमांत गांवों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांवों के युवाओं के कौशल विकास, रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा सड़क, पुल-पुलिया समेत बुनियादी सुविधाओं के विकास और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से सीमांत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए Mission “SHAKTI” (सीमांत से समृद्धि तक) की रूपरेखा साझा की गई। मिशन के तहत S-Sustainable, H-Holistic, A-Atmanirbhar, K-Kishanganj Border Villages, T-through Youth Transformation और I-Infrastructure Development को प्रमुख घटक बनाया गया है।डीएम ने कहा कि मिशन के माध्यम से सीमांत गांवों में सुरक्षा, विकास, आत्मनिर्भरता और आधारभूत संरचना को मजबूत किया जाएगा। प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने सीमा क्षेत्र में सुरक्षा और विकास को समान प्राथमिकता देते हुए जनहित में आवश्यक कदम उठाने का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Back to top button