District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : राष्ट्रीय युवा कोर के स्वयंसेवकों का छह दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

किशनगंज, 08 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत MY Bharat की ओर से राष्ट्रीय युवा कोर (NYC) के स्वयंसेवकों का छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम कृषि महाविद्यालय, किशनगंज में शुरू हुआ। प्रशिक्षण में किशनगंज में आयोजित कार्यक्रम में कटिहार और मधेपुरा जिले के 30 से अधिक राष्ट्रीय युवा कोर स्वयंसेवक हिस्सा ले रहे हैं।

प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वयंसेवकों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ युवाओं को संगठित करना, युवा क्लबों का गठन एवं सुदृढ़ीकरण तथा सामाजिक जागरूकता और व्यवहार परिवर्तन से जुड़े अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए उन्हें तैयार करना है।

उद्घाटन समारोह में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम कृषि महाविद्यालय के डीन सह प्राचार्य डॉ. के. सत्यनारायण मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि बिहार में विकास की अपार संभावनाएं हैं और राज्य की युवा शक्ति इन संभावनाओं को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से राज्य अपने जनसांख्यिकीय लाभांश का बेहतर उपयोग कर सकता है।

इस मौके पर जिला युवा अधिकारी किशनगंज सत्यम त्रिपाठी और जिला युवा अधिकारी कटिहार एवं मधेपुरा नीरज झा उपस्थित थे। सत्यम त्रिपाठी ने प्रशिक्षण में शामिल स्वयंसेवकों का स्वागत करते हुए उन्हें प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय युवा कोर के स्वयंसेवक जमीनी स्तर पर युवाओं को संगठित करने और उन्हें राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। स्वयंसेवकों की ओर से युवा क्लबों के गठन, युवाओं को MY Bharat से जोड़ने, सामाजिक जागरूकता तथा विभिन्न जनहितकारी अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई जा रही है।

छह दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान नेतृत्व क्षमता, संचार कौशल, टीमवर्क, सामुदायिक सहभागिता, युवा नेतृत्व और सामाजिक व्यवहार परिवर्तन समेत विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से स्वयंसेवकों को अपने-अपने जिलों में युवाओं के साथ प्रभावी तरीके से काम करने और उन्हें सकारात्मक सामाजिक बदलाव तथा राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने में सक्षम बनाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button