District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज में 7.36 लाख प्लॉट का होगा डिजिटल क्रॉप सर्वे, 15 अगस्त से शुरू होगा अभियान

किशनगंज, 08 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में खरीफ के बाद शारदीय 2026 फसल को लेकर डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके तहत किशनगंज जिले के करीब 7 लाख 36 हजार प्लॉट का डिजिटल सर्वे कराया जाएगा। सर्वे का अभियान 15 अगस्त से 30 सितंबर तक चलेगा। सर्वे के सफल संचालन को लेकर शनिवार को संयुक्त कृषि भवन, किशनगंज में पदाधिकारियों और कर्मियों का प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कृषि पदाधिकारी ने की। इस मौके पर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, सहायक निदेशक पौधा संरक्षण, उप परियोजना निदेशक आत्मा, जिला DCS नोडल पदाधिकारी-सह-बीज उत्पादन-सह-विपणन पदाधिकारी, सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।प्रशिक्षण के दौरान जिला DCS नोडल पदाधिकारी ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की वर्तमान प्रक्रिया और इसमें किए गए आवश्यक बदलावों की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों और कर्मियों को मोबाइल एप के संचालन, फसल सर्वेक्षण की प्रक्रिया, आंकड़ों की प्रविष्टि व सत्यापन तथा सर्वे से जुड़े दिशा-निर्देशों के बारे में बताया गया। साथ ही पूर्व की प्रक्रिया की तुलना में किए गए नए प्रावधानों से भी अवगत कराया गया।अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे में मोबाइल एप, GPS और सैटेलाइट तकनीक की मदद से खेतों में बोई गई फसल का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। सर्वे के दौरान किसान का नाम, खेत का स्थान, सर्वे नंबर, बोई गई फसल का प्रकार और खेत की तस्वीर जैसी जानकारी दर्ज की जाएगी।
डिजिटल सर्वे से फसल का सटीक आंकड़ा तैयार करने के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ सही लाभुक तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा फसल बीमा और मुआवजा प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी तथा फसल उत्पादन का बेहतर अनुमान लगाया जा सकेगा।प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों की तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक शंकाओं का समाधान भी किया गया। अंत में सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटिरहित सर्वे पूरा करने का निर्देश दिया गया।

Related Articles

Back to top button