किशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : पुलिसकर्मियों की सेहत सुधारने की पहल, अब रोजाना मॉर्निंग वॉक करेंगे खाकीधारी

किशनगंज, 08 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, भागदौड़ भरी जिंदगी, लगातार ड्यूटी और अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी के बीच पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रखने के लिए एसपी संतोष कुमार ने नई पहल शुरू की है। जिले में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को अब नियमित रूप से मॉर्निंग वॉक और हल्के व्यायाम के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए एसपी ने जिले के सभी थानाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।

निर्देश के अनुसार, सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने थाना क्षेत्र में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करेंगे। पुलिसकर्मियों को प्रतिदिन सुबह सैर करने और अपनी दिनचर्या में हल्के व्यायाम को शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। पुलिस लाइन में तैनात जवानों को भी इस पहल से जोड़ा जाएगा।

एसपी संतोष कुमार ने कहा कि पुलिसकर्मियों का शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से मजबूत रहना बेहद जरूरी है। पुलिस की ड्यूटी में लगातार तनाव, अनियमित कार्य समय और अपराध नियंत्रण जैसी जिम्मेदारियां शामिल होती हैं। ऐसे में नियमित शारीरिक गतिविधि पुलिसकर्मियों को फिट रखने में काफी मददगार साबित हो सकती है।

उन्होंने कहा कि सुबह की सैर और व्यायाम से शरीर को सक्रिय रखने के साथ तनाव, अनिद्रा और चिड़चिड़ापन जैसी समस्याओं को कम करने में भी मदद मिलती है। इससे पुलिसकर्मियों में ऊर्जा और कार्यक्षमता बढ़ेगी। फिट और स्वस्थ जवान ही चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकते हैं।

एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को इस पहल के प्रति गंभीरता से जागरूक करें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए लगातार प्रेरित करें। पुलिस विभाग की इस पहल को जवानों के स्वास्थ्य और कार्यक्षमता में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button