District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : निजी विद्यालयों के प्राचार्यों के साथ डीएम ने की समीक्षा बैठक, यू-डाइस व छात्र सुरक्षा पर दिया जोर

किशनगंज, 06 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में जिले के निजी विद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रबंधकों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के 187 निजी विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में यू-डाइस पोर्टल पर विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत प्रविष्टि, अपार (APAAR) आईडी निर्माण, विद्यालय मान्यता, ई-संबंधन पोर्टल और छात्र सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि विद्यालय में अध्ययनरत प्रत्येक छात्र-छात्रा का नाम यू-डाइस (UDISE) पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। साथ ही सभी विद्यार्थियों का आधार और अपार आईडी शीघ्र बनवाकर उससे संबंधित सभी प्रविष्टियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं, ताकि विद्यार्थियों का शैक्षणिक रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित एवं अद्यतन रहे।

उन्होंने कहा कि जिन निजी विद्यालयों की मान्यता की अवधि समाप्त हो चुकी है अथवा जल्द समाप्त होने वाली है, वे निर्धारित समय के भीतर ई-संबंधन (e-Sambandhan) पोर्टल पर आवेदन कर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें। इसके साथ ही यू-डाइस से संबंधित कार्यों का भी समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि विद्यालयों में संचालित अथवा अनुबंधित सभी वाहनों के चालकों को नियमित प्रशिक्षण दिया जाए तथा यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी स्कूल वाहनों का वैध फिटनेस प्रमाण-पत्र होना अनिवार्य है और बिना फिटनेस वाले किसी भी वाहन का संचालन नहीं किया जाएगा।

बैठक के अंत में डीएम ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा सरकारी शैक्षणिक पोर्टलों पर अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराना सभी निजी विद्यालयों की सामूहिक जिम्मेदारी है।उन्होंने शिक्षा विभाग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Related Articles

Back to top button