District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : विद्यालयों में शतरंज प्रशिक्षण पर जोर, डीएम ने मांगा संसाधनों का प्रस्ताव

किशनगंज, 06 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिला शतरंज संघ से संबंधित विभिन्न विषयों पर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में शतरंज खेल के विकास, विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में डीएम ने सरकारी एवं निजी विद्यालयों के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को शतरंज प्रशिक्षण से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने विशेष रूप से सरकारी विद्यालयों में नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि शतरंज जैसे बौद्धिक खेल से विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता और निर्णय लेने की क्षमता का विकास होता है।खेल भवन में शतरंज प्रतियोगिताओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बेहतर संचालन के लिए आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर भी चर्चा हुई। इसमें एलईडी स्क्रीन सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता का मुद्दा प्रमुखता से उठा। जिलाधिकारी ने जिला शतरंज एसोसिएशन को निर्देश दिया कि आवश्यक संसाधनों के संबंध में खेल पदाधिकारी के नाम विस्तृत प्रस्ताव उपलब्ध कराएं, ताकि उस पर शीघ्र कार्रवाई की जा सके। बैठक में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। विद्यालय स्तर पर शतरंज प्रतियोगिताओं के आयोजन और खिलाड़ियों की सहभागिता बढ़ाने के उपायों पर चर्चा करते हुए प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की रणनीति बनाई गई। इस दौरान उपस्थित अभिभावकों ने शतरंज में विद्यार्थियों के भविष्य और करियर की संभावनाओं को लेकर सवाल उठाए। खेल पदाधिकारी एवं जिला शतरंज एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए बिहार सरकार की विभिन्न प्रोत्साहन योजनाएं उपलब्ध हैं। इन योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं समेत अन्य क्षेत्रों में भी बेहतर अवसर प्राप्त हो सकते हैं। बैठक के अंत में जिलाधिकारी नवीन कुमार ने शतरंज के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालयों तथा खेल के विकास में योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।

Related Articles

Back to top button