अपराधकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : बहादुरगंज में अवैध लॉटरी गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

किशनगंज, 06 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बहादुरगंज थाना पुलिस ने अवैध लॉटरी टिकट बेचने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से सिक्किम स्टेट की 280 लॉटरी टिकट, 7060 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर नगर पंचायत बहादुरगंज के एलआरपी चौक स्थित एक मकान में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो लोगों को मौके से अवैध लॉटरी टिकट बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पलासमणि वार्ड संख्या-08 निवासी मोहम्मद मुजीब तथा बनीबस्ती वार्ड संख्या-10 निवासी गणेश बाशा के रूप में हुई है। दोनों बहादुरगंज थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मोहम्मद मुजीब के पास से “एक करोड़ वाला सिक्किम स्टेट डियर रेगा वीकली लॉटरी” के 200 टिकट, 1390 रुपये नकद, नथिंग कंपनी का एक मोबाइल फोन तथा होंडा लीवो मोटरसाइकिल (बीआर-37टी-7522) बरामद की गई। वहीं गणेश बाशा के पास से इसी श्रृंखला के 80 लॉटरी टिकट और 5670 रुपये नकद जब्त किए गए। पुलिस ने बरामद सभी सामानों को अपने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों द्वारा प्रतिबंधित लॉटरी के कारोबार में संलिप्त होने के प्रमाण मिले हैं। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि इस अवैध कारोबार के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि लॉटरी टिकट कहां से मंगाए जाते थे और इस धंधे में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि बिहार में लॉटरी की बिक्री प्रतिबंधित है, बावजूद इसके कुछ लोग पड़ोसी राज्यों की लॉटरी टिकट बेचकर अवैध कारोबार चला रहे हैं, जिस पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button