District Adminstrationकिशनगंजज्योतिष/धर्मबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज में पहली सोमवारी पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, प्रमुख शिव मंदिरों में पुलिस बल तैनात

किशनगंज, 02 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। शहर सहित जिले के सभी प्रमुख एवं भीड़भाड़ वाले शिव मंदिरों में सोमवार तड़के से पुलिस बल की तैनाती रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन की सुविधा मिल सके।

जिले में बेलवा स्थित ओदरा घाट (डोंक नदी), भूतनाथ गौशाला शिव मंदिर तथा ठाकुरगंज के हरगौरी मंदिर में सबसे अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए इन स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

रविवार को एसडीएम अनिकेत कुमार और सीओ राहुल कुमार ने बेलवा स्थित ओदरा घाट तथा भूतनाथ गौशाला शिव मंदिर परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंदिर समिति के सदस्यों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।

प्रशासन के अनुसार ओदरा घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोंक नदी से पवित्र जल भरकर करीब 15 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए भूतनाथ गौशाला शिव मंदिर पहुंचते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। इस मार्ग पर संवेदनशील स्थलों की पहचान कर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह एवं किशनगंज सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार भी विभिन्न मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं। वहीं, जिलाधिकारी नवीन कुमार कनीय अधिकारियों से तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए प्रमुख मंदिरों में महिला पुलिसकर्मियों की भी विशेष प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Back to top button