अपराधकिशनगंजठाकुरगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : पौआखाली दुष्कर्म मामले में नया मोड़, आरोपी और पीड़िता के पति का कथित ऑडियो वायरल

किशनगंज, 31 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के पौआखाली थाना क्षेत्र में एक महिला से कथित दुष्कर्म के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मामले के आरोपी नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अहमद हुसैन उर्फ लल्लू मुखिया और पीड़िता के पति के बीच बातचीत का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और इसकी आधिकारिक पुष्टि भी अब तक नहीं हुई है।

वायरल ऑडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि बातचीत में आरोपी पीड़िता के पति पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाते हुए सुनाई दे रहे हैं। कथित तौर पर वह समझौते के लिए हर तरह का खर्च उठाने, अपनी गलती स्वीकार करने और माफी मांगने की बात कहते हैं। वहीं, पीड़िता का पति बातचीत में अपनी पत्नी के साथ गंभीर अन्याय होने की बात कहते हुए न्याय दिलाने की मांग करता सुनाई देता है।

गौरतलब है कि महिला द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि 28 जुलाई की रात उसकी बेटी से जुड़े एक पारिवारिक विवाद के समाधान के लिए पंचायत कराने की बात कहकर उसे, उसकी बेटी तथा उसके पति को वाहन से ले जाया गया। आरोप है कि रास्ते में उसके पति को कथित रूप से नशीला पदार्थ दिया गया, जिससे वह बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें तय स्थान पर ले जाने के बजाय किशनगंज स्थित एक होटल में ठहराया गया।

पीड़िता का आरोप है कि होटल में उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि उसकी बेटी के साथ भी अनुचित व्यवहार किया गया तथा दोनों पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर पौआखाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

गौर करे कि वायरल ऑडियो सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यदि ऑडियो की प्रामाणिकता सामने आती है तो उसे भी साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल किया जाएगा।फिलहाल पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।

इस घटना को लेकर जिले में लोगों के बीच आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और दोषी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button