प्रमुख खबरें

अस्पतालों में हिंसा पर IMA-HBI और AHPI की चिंता, सुरक्षित स्वास्थ्य सेवा के लिए हुए एकजुट

रांची, 24 जुलाई। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन–हॉस्पिटल बोर्ड ऑफ इंडिया (IMA-HBI) और एसोसिएशन ऑफ हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (इंडिया) (AHPI) की संयुक्त ऑनलाइन बैठक में झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर माहौल, मरीजों और चिकित्सकों के बीच विश्वास मजबूत करने तथा अस्पतालों में सुरक्षित एवं पारदर्शी कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।

बैठक में कहा गया कि राज्य के अधिकांश चिकित्सक और अस्पताल पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं पेशेवर नैतिकता के साथ मरीजों की सेवा कर रहे हैं। हालांकि हाल की कुछ घटनाओं ने मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्य संस्थानों के बीच संवाद और विश्वास को और मजबूत करने की आवश्यकता महसूस कराई है।

दोनों संगठनों ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण उपचार और चिकित्सकों का सुरक्षित कार्य वातावरण एक-दूसरे के पूरक हैं। अस्पतालों में हिंसा, धमकी, जबरन वसूली, ब्लैकमेल, अवैध हस्तक्षेप तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक और अपुष्ट सूचनाओं का प्रसार पूरे स्वास्थ्य तंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

बैठक में रांची के सम्फोर्ड अस्पताल, राज अस्पताल और विवेकानंद अस्पताल सहित अन्य चिकित्सा संस्थानों में हुई घटनाओं पर चिंता व्यक्त की गई। संगठनों का कहना है कि ऐसी घटनाएं स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारु संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं और चिकित्सकों के मनोबल को भी प्रभावित करती हैं।

IMA-HBI और AHPI ने सरकार, प्रशासन, मीडिया और आम नागरिकों से अपील की कि स्वास्थ्य संस्थानों में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने, तथ्यों पर आधारित जानकारी साझा करने तथा मरीजों और चिकित्सकों के बीच विश्वास कायम रखने में सभी सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षित अस्पताल और सुरक्षित चिकित्सक ही बेहतर स्वास्थ्य सेवा की आधारशिला हैं।

Related Articles

Back to top button