राजनीति

JPSC के सवालों से भाग रही कांग्रेस-जेएमएम सरकार: अशोक बड़ाईक

रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक ने कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि 22 जुलाई को प्रस्तावित भाजयुमो के JPSC घेराव से कांग्रेस और झामुमो घबराए हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार JPSC से जुड़े सवालों का जवाब देने के बजाय विपक्ष पर आरोप लगा रही है।

अशोक बड़ाईक ने कहा कि भाजपा 14वीं JPSC परीक्षा परिणाम, कटऑफ, मूल्यांकन प्रक्रिया और भर्ती एजेंसी के चयन को लेकर पारदर्शिता की मांग कर रही है। उनका कहना है कि प्रदेशभर से छात्र, अभ्यर्थी और भाजयुमो कार्यकर्ता रांची पहुंचकर JPSC घेराव के माध्यम से युवाओं के अधिकारों की आवाज बुलंद करेंगे।

उन्होंने कांग्रेस पर पूर्ववर्ती शासनकाल में विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया। साथ ही दावा किया कि केंद्र सरकार ने ‘लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024’ लागू कर पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून बनाया है और NEET परीक्षा में अनियमितताओं की जानकारी मिलने पर त्वरित कार्रवाई की।

भाजपा प्रवक्ता ने राज्य सरकार से JPSC भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, उठ रहे आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती, भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button