
रामगढ़, 14 जुलाई। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि रक्त का रंग हमेशा लाल होता है और यह कभी जात-पात, धर्म या मजहब नहीं देखता। रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।
रामगढ़ में झारखंड सेवा समिति द्वारा आयोजित मेगा ब्लड डोनेशन कैंप में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री ने रक्तदाताओं का सम्मान करते हुए कहा कि थैलेसीमिया, कैंसर, प्रसव, दुर्घटनाओं और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए रक्त जीवनदान साबित होता है। उन्होंने लोगों से नफरत नहीं, बल्कि मोहब्बत और इंसानियत का संदेश फैलाने की अपील की।
डॉ. अंसारी ने झारखंड सेवा समिति के अध्यक्ष अमित सिंह, जिला प्रशासन और उपायुक्त ऋतुराज को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि राज्य के सभी जिलों में इस तरह के मेगा रक्तदान शिविर आयोजित होने चाहिए, ताकि ब्लड बैंकों में पर्याप्त रक्त उपलब्ध रहे और किसी मरीज की जान रक्त के अभाव में न जाए।
रामगढ़ मेडिकल कॉलेज की दिशा में पहल
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि उन्होंने उपायुक्त ऋतुराज को रामगढ़ में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य के सभी क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा शिक्षा और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े बदलाव का दावा
डॉ. अंसारी ने कहा कि महागठबंधन सरकार के कार्यकाल में आठ नए मेडिकल कॉलेजों को स्वीकृति मिली है। इसके साथ ही RIMS-2, आधुनिक अस्पताल, डिजिटल हेल्थ सिस्टम और तकनीकी सहयोग जैसी पहलें झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा दे रही हैं।
उन्होंने कहा, “मैं पहले एक डॉक्टर हूं, उसके बाद मंत्री। मरीजों का दर्द समझना मेरी जिम्मेदारी है। हमारा लक्ष्य है कि झारखंड का कोई भी मरीज बेहतर इलाज के लिए राज्य से बाहर जाने को मजबूर न हो।”
हर जिले में बनेगा ब्लड कॉल सेंटर
स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की कि आने वाले समय में प्रत्येक जिले में अत्याधुनिक ब्लड कॉल सेंटर स्थापित किए जाएंगे, ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को कम समय में रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
कार्यक्रम में उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के नेतृत्व में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से सुधार हो रहा है। वहीं झारखंड सेवा समिति के अध्यक्ष अमित सिंह और कार्यक्रम संचालक बलजीत सिंह बेदी ने स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में लोगों का विश्वास बढ़ा है।
कार्यक्रम में कांग्रेस के युवा नेता रियाज अहमद, पप्पू, अर्शी आलम, छोटू यादव, जावेद अहमद, जितेंद्र प्रसाद, नंद प्रकाश गुप्ता, ए.के. झा, डॉ. मृत्युंजय, सिविल सर्जन, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

