प्रमुख खबरें

12 जुलाई को 8 केंदों पर आयोजित होगी अवर निरीक्षक मद्य निषेध के पद पर नियुक्ति हेतु प्रारंभिक परीक्षा

टॉयलेट जाने वाले अभ्यर्थियों की आने-जाने के दौरान अनिवार्य रूप से ली जाएगी तलाशी

अररिया (अब्दुल कैय्युम)।बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, पटना द्वारा विज्ञापन संख्या 03/2026 के तहत मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में उत्पाद अवर निरीक्षक मद्य निषेध पद पर नियुक्ति हेतु प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा 12 जुलाई 2026 (रविवार) को अररिया जिला मुख्यालय स्थित 08 परीक्षा केन्द्रों पर एक पाली में आयोजित होगी। परीक्षा पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक होगी, जबकि अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग का समय सुबह 9:30 बजे निर्धारित किया गया है।

परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर समाहरणालय स्थित आत्मन सभागार में अपर समाहर्ता अररिया श्री अनिल कुमार झा की अध्यक्षता में सभी केन्द्राधीक्षकों, प्रेक्षक-सह-स्टैटिक मजिस्ट्रेट, समन्वय प्रेक्षक-सह-जोनल मजिस्ट्रेट, उड़नदस्ता दल, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी पुलिस पदाधिकारियों, वरीय कोषागार पदाधिकारी तथा परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में बताया गया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राधीक्षकों से समन्वय स्थापित करते हुए प्रत्येक परीक्षा कक्ष में पेयजल, बिजली, पंखा, शौचालय, बेंच-डेस्क, योग्य वीक्षकों की नियुक्ति, आवश्यक कर्मियों की प्रतिनियुक्ति एवं वीडियोग्राफी सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।

बैठक में बताया गया कि परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से 30 मिनट पूर्व तक ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिलेगा। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। साथ ही परीक्षा समाप्त होने तक किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

टॉयलेट जाने वाले अभ्यर्थियों की आने-जाने के दौरान अनिवार्य रूप से तलाशी ली जाएगी ताकि कोई भी अभ्यर्थी प्रश्न पुस्तिका अथवा उत्तर पुस्तिका बाहर न ले जा सके। वहीं परीक्षा अवधि के अंतिम 30 मिनट में किसी भी अभ्यर्थी को टॉयलेट/शौचालय जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रत्येक अभ्यर्थी की परीक्षा केन्द्र में प्रवेश से पूर्व भौतिक जांच (फ्रिस्किंग) कराई जाएगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी के पास लिखित सामग्री, प्रवेश पत्र पर कोई लेख, सादा कागज, क्लिपबोर्ड, स्लाइड रूल, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, डिजिटल डायरी, पीडीए अथवा अन्य कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण न हो। फ्रिस्किंग पुलिस बल की उपस्थिति में कराई जाएगी तथा महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की जाएगी। जांच के दौरान HHMD का भी अनिवार्य रूप से उपयोग किया जाएगा। इसके लिए पुलिस उपाधीक्षक, रक्षित, पुलिस केन्द्र, अररिया को पर्याप्त महिला एवं पुरुष पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति का निर्देश दिया गया है।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अनुमंडल दण्डाधिकारी, अररिया को सभी परीक्षा केन्द्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू करते हुए उसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। वहीं प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा हेतु जिला कोषागार के वज्रगृह में सुरक्षित रखने की समुचित व्यवस्था की गई है।

परीक्षा से संबंधित किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला स्तर पर जिला नियंत्रण कक्ष समाहरणालय परिसर स्थित जिला उद्योग केन्द्र, अररिया के हॉल में संचालित रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06453-222309 जारी किया गया है। सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए परीक्षा को पूर्णतः शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया है।

Related Articles

Back to top button