
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को झारखंड मंत्रालय में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों और चालू वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्य के अंडरग्राउंड कोल माइंस क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां इको टूरिज्म विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, लातेहार, हजारीबाग, रांची सहित अन्य जिलों में इको टूरिज्म की संभावनाओं वाले स्थलों को विकसित करने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में इको टूरिज्म की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने राज्य की पर्यटन नीति तैयार करने, पतरातू घाटी में व्यू पॉइंट और रोपवे विकसित करने तथा नेतरहाट में ग्लास वॉच टावर या ग्लास ब्रिज, कोयल व्यू पॉइंट कॉटेज, ट्रैकिंग और अन्य पर्यटन सुविधाओं के विकास पर विशेष बल दिया। साथ ही लोध फॉल को इको टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने के निर्देश भी दिए।खेल विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आर्थिक तंगी का सामना न करना पड़े। उन्होंने खिलाड़ियों का डेटाबेस तैयार करने, आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन योजनाएं बनाने, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बेहतर रखरखाव तथा राज्य में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के एक्सपोजर विजिट पर भी जोर दिया। कला एवं संस्कृति विभाग की समीक्षा में मुख्यमंत्री ने कलाकारों का डेटाबेस तैयार करने, पंजीकृत कलाकारों का सत्यापन कराने तथा उन्हें देश के प्रतिष्ठित कला संस्थानों के भ्रमण का अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि अब तक करीब 12 हजार कलाकारों का पंजीकरण किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन के विकास से राज्य की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान मजबूत होगी तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने सभी पर्यटन परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विभागीय सचिव मुकेश कुमार, पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा, खेल निदेशक छवि रंजन सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।