किशनगंज : ओदरा काली मंदिर के पीछे डॉक नदी में धड़ल्ले से अवैध बालू खनन, कैमरा देखते ही ट्रैक्टर लेकर भागे चालक
किशनगंज, 01 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/फ़रीद अहमद, सदर थाना क्षेत्र के ओदरा काली मंदिर के पीछे स्थित डॉक नदी में अवैध बालू खनन का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नदी से लंबे समय से ट्रैक्टर और नाव के माध्यम से खुलेआम बालू का अवैध उत्खनन किया जा रहा है, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
जानकारी के अनुसार, सूचना मिलने पर मीडिया की टीम जब मौके पर पहुंची तो नदी में कई ट्रैक्टर और एक नाव के जरिए बालू निकाला जा रहा था। कैमरा देखते ही खनन में लगे लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और ट्रैक्टर लेकर मौके से निकलने लगे। इस दौरान एक ट्रैक्टर कीचड़ में फंस गया, जिसे दूसरे ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकालकर वहां से ले जाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध बालू खनन पर सख्ती से रोक नहीं लगाई गई तो नदी का प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित होगा, जलधारा पर प्रतिकूल असर पड़ेगा और पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से अवैध खनन पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ओदरा काली मंदिर के पीछे डॉक नदी से अवैध बालू खनन पर जब किशनगंज खान निरीक्षक सुनील कुमार से पुछा गया तो उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर निरंतर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बाहरी वाहनों की जांच और ट्रांजिट पास को लेकर विभाग सख्ती बरत रही है।



