किशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : युवा आपदा मित्र आवासीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, 150 स्वयंसेवकों को मिलेगा आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण

किशनगंज, 01 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में मारवाड़ी कॉलेज, किशनगंज में बुधवार से सात दिवसीय युवा आपदा मित्र आवासीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया। 1 से 7 जुलाई तक चलने वाले इस शिविर में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के 150 राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं।

शिविर का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार की अध्यक्षता में फीता काटकर किया गया। इससे पूर्व उन्होंने अतिथियों एवं पटना से आई एसडीआरएफ की विशेषज्ञ टीम का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कोचाधामन डिग्री कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सजल प्रसाद, विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व परीक्षा नियंत्रक डॉ. अजय कुमार पांडेय तथा आर. के. साहा महिला कॉलेज के प्रो. सुनील कुमार मौजूद रहे।

प्रशिक्षण में नेहरू कॉलेज बहादुरगंज, मोहम्मद हुसैन आजाद कॉलेज ठाकुरगंज, आर. के. साहा महिला कॉलेज एवं मारवाड़ी कॉलेज के एनएसएस स्वयंसेवक शामिल हो रहे हैं। प्रशिक्षण देने के लिए पटना से एसडीआरएफ की विशेषज्ञ टीम पहुंची है, जिसमें सब-इंस्पेक्टर अजय कुमार पाटिल सहित अन्य प्रशिक्षक शामिल हैं। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई से संबंधित सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार ने कहा कि आपदा के समय प्रशिक्षित युवा समाज की अमूल्य संपत्ति होते हैं। युवा आपदा मित्र कार्यक्रम युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करता है।

मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) सजल प्रसाद ने कहा कि प्राकृतिक एवं मानवीय आपदाओं की बढ़ती चुनौतियों के बीच युवाओं का प्रशिक्षित और जागरूक होना समय की आवश्यकता है।उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया। एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. क़सीम अख्तर ने बताया कि सात दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे समाज और प्रशासन के सहयोगी के रूप में प्रभावी भूमिका निभा सकें। उद्घाटन समारोह में महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button