किशनगंजठाकुरगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

ठाकुरगंज : निर्माणाधीन नाले ने बढ़ाई चिंता, खुले गड्ढे से कभी भी हो सकती है बड़ी दुर्घटना

किशनगंज, 01 जुलाई (के.स.)। फ़रीद अहमद, नगर पंचायत पौआखाली के मार्केट रोड पर बुडको द्वारा नाला निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। हालांकि निर्माण कार्य अभी अधूरा है, लेकिन सिमलबाड़ी मोड़ के समीप निर्माणाधीन नाले को बिना ढक्कन लगाए ही खुला छोड़ दिया गया है। इतना ही नहीं, मौके पर किसी प्रकार का सुरक्षा बैरिकेड, चेतावनी बोर्ड या संकेतक भी नहीं लगाया गया है, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।

वर्तमान में खुले गड्ढे में जलजमाव भी है। दिन के समय राहगीर किसी तरह सावधानी बरतकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में यह स्थान बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोई राहगीर, बाइक सवार, साइकिल चालक या बच्चा अंधेरे में इस गड्ढे में गिर जाए तो गंभीर हादसा हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों का सवाल है कि आखिर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया जा रहा है? क्या किसी बड़ी अनहोनी के बाद ही संबंधित विभाग और जिम्मेदार एजेंसी की नींद खुलेगी? लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना संबंधित एजेंसी और जिम्मेदारी है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि निर्माणाधीन नाले को तत्काल सुरक्षित कराया जाए, आवश्यक स्थानों पर ढक्कन लगाए जाएं तथा चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी समय रहते इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेते हैं या फिर किसी हादसे का इंतजार किया जाएगा।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button