सुरसंड विधान सभा क्षेत्र से पूर्व माननीय सदस्य नागेन्द्र प्रसाद यादव का पार्थिव शरीर आज 02:00 बजे अपराह्न में बिहार विधान सभा परिसर लाया गया, जहां उनके पार्थिव शरीर पर माननीय अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार की ओर से बिहार विधान सभा की प्रभारी सचिव ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/तत्पश्चात माननीय सदस्य श्री मंजीत कुमार सिंह एवं जहानाबाद के पूर्व सांसद श्री चंदेश्वर प्रसाद सहित बिहार विधान सभा के वरीय पदाधिकारीगण ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पूर्व माननीय सदस्य के पारिवारिक सदस्य उपस्थित रहे।
माननीय अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार ने उनके निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि नागेन्द्र प्रसाद यादव जी कुशल राजनेता एवं समाजसेवी थे। वे सुरसंड विधान सभा क्षेत्र से सन् 1980 एवं 1995 में क्रमशः भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस एवं जनता दल का प्रतिनिधित्व करते हुए बिहार विधान सभा के सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए थे। उन्होंने अपने क्षेत्र के शोषित एवं वंचित समुदाय की निरंतर सेवा की। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को शांति दें एवं शोक संतप्त परिजनों तथा शुभचिंतकों को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करे।

