बिहार में खेला करने का दिवास्वप्न देख रही का भाजपा – उमेश सिंह कुशवाहा
त्रिलोकी नाथ प्रसाद -बिहार जद(यू.) के प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने भाजपा नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार में महाराष्ट्र वाला खेला करने का दिवास्वप्न हवाई किले बनाने के जैसा है। बिहार की सत्ता हाथ से निकलने के बाद भाजपा के नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है। हालात से मारे ये बेचारे लोग दिन के आठों पहर सत्ता में पुनः वापसी का दिवास्वप्न देखते रहते हैं मगर ऐसा कभी नहीं होगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार असली चाणक्य की भूमि है, बिहार में नकली चाणक्य का जादू नहीं चलने वाला। उन्होंने इशारों-इशारों में चिराग पासवान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जिस दल के पास अपना एक विधायक नहीं है, जमीन पर पार्टी का कोई जनाधार नहीं है वह भी बिहार में तख्तापलट की धमकियां दे रहे हैं। दरअसल, विपक्षी एकजुटता कि मुहिम को मिली सफलता से भाजपा के लोग अवाक और स्तब्ध हैं। यही कारण है कि अपनी कुंठा और घबराहट पर पर्दा डालने के लिए भाजपा के नेता अनर्गल बयान दे रहे हैं और अपने पिट्ठु सहयोगी दलों को भी इस मुहिम में शामिल कर चुकें हैं।
श्री कुशवाहा ने भाजपा के सहयोगी दलों को भी आगाह किया और कहा कि जो दल अपने वरिष्ठ और अनुभवी वृद्ध नेताओं तक का सम्मान नहीं करती वह दूसरे दल से आयातित नेताओं का कितना ख्याल रखेगी यह बताने की कोई आवश्यकता है। देश में आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, यसवंत सिन्हा, सुब्रमण्यम स्वामी और बिहार में सुशील मोदी, नन्दकिशोर यादव, प्रेम कुमार समेत कई नेताओं को मोदी-शाह की जोड़ी ने किनारे कर दिया फिर जीतन राम मांझी, आरसीपी सिंह, उपेन्द्र कुशवाहा, चिराग पासवान जैसे नेताओं की क्या हैसियत है? भाजपा सिर्फ सत्ता प्राप्ति के लिए छोटे छोटे दलों का इस्तेमाल करती है और फिर अपना स्वार्थ पूरा करने के बाद उन दलों को कुचल देती है।