
सागर कुमार विशेष संवाददाता
कार्यकत्र्ताओं के दरबार में माननीय मंत्री
प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को कार्यकत्ताओं के दरबार कार्यक्रम में माननीय परिवहन मंत्री श्रीमती शीला मंडल जी हुयीं सम्मिलित
पूर्णिया में महागठबंधन की रैली में बड़ी संख्या में लोग जुटेंगे: शीला मंडल
हमलोग भविष्यवक्ता नहीं कि वहां जुटने वाले लोगों को संख्या में बांधे
16 फरवरी 2023, पटना।
सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने एवं जनसमस्याओं के समाधान हेतु माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के निर्देश पर जदयू के प्रदेश कार्यालय में होने वाले ‘‘कार्यकर्ताओं के दरबार में माननीय मंत्री’’ कार्यक्रम में गुरुवार को माननीय परिवहन मंत्री श्रीमती शीला मंडल जी ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को सुन उनका समाधान किया और सम्बन्धित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव श्री मृत्युंजय कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।

कार्यकत्ताओं के दरबार में माननीय मंत्री कार्यक्रम के बाद विपक्ष द्वारा मुख्यमंत्री की समाधान यात्रा पर भाजपा द्वारा दिए जा रहे बयान संबंधी सवाल का जवाब देते हुए परिवहन मंत्री श्रीमती शीला मंडल ने कहा कि विपक्ष तो हर बात पर सवाल उठाएगा ही। परन्तु जनता सब देख और समझ रही है कि भाजपा के लोग सिर्फ ठगने का काम कर रहे हैं। वो लोग पूरे देश में सांप्रदायिक व जातीय तनाव फैलाने के एजेंडा पर काम कर रहे हैं। दूसरों का कोई भी काम उन्हें अच्छा कैसे लगेगा? दूसरी ओर हमारे सर्वमान्य नेता माननीय मुख्यमंत्री का विश्वास जनता के लिए काम करते रहने में है, वो जनता की समस्याओं के समाधान हेतु लगातार तत्पर रहते हैं। वो किसी के साथ भेदभाव नहीं करते। आज उनके द्वारा चलाई गयी अनगिनत योजनाएं पूरे देश में एक मिसाल बन चुकी हैं, जिनका अनुसरण केंद्र व अन्य राज्य की सरकारें कर रही हैं।

परिवहन मंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि बिहार सरकार प्रदेश में सीएनजी एवं इलेक्ट्रोनिक बसों के परिचालन को बढाने की दिशा में लगातार प्रयत्नशील है। पटना सहित कई क्षेत्रों में सीएनजी बसों का परिचालन शुरू हो चूका है, जैसे- जैसे जिन क्षेत्रों में सीएनजी पाइपलाइन बिछती जाएगी वहां के लिए सीएनजी बसें चलायी जाएंगी। हमलोग टैम्पू को सीएनजी में कन्वर्ट कराने के लिए अनुदान भी दे रहे हैं। उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि हमलोगों ने कई स्थानों पर अन्तर्राज्यीय बस सेवा शुरू की है, आने वाले समय में इसे और चढाया जाएगा।

पूर्णिया में महागठबंधन द्वारा आगामी 25 फरवरी 2023 को आयोजित रैली के संदर्भ में पूछे गए एक सवाल पर मंत्री ने कहा कि वहां बड़ी संख्या में लोग जुटेंगे, हमलोग उसे संख्या में नहीं बाँध सकते। हमलोग भाजपा के लोगों की तरह भविष्यवक्ता नहीं हैं। बिहार और देश में माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार का काम बोलता है, हमारे नेता कोई भी काम वोट के लिए नहीं करते बल्कि वो वोटर की चिंता करते हैं। हमलोग भी मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन और निर्देश पर जनता की समस्याओं के समाधान में लगे हैं।


