किशनगंजDistrict Adminstrationबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : मनरेगा से निर्मित चिल्ड्रन पार्क एवं खेल मैदान का भव्य उद्घाटन

ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने दौला पंचायत में किया लोकार्पण

किशनगंज, 23 मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, दौला पंचायत को शुक्रवार को एक नई सौगात मिली जब बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने मनरेगा योजना के तहत निर्मित चिल्ड्रन पार्क और खेल मैदान का भव्य उद्घाटन किया। समारोह के दौरान उन्होंने इसे ग्रामीण विकास की दिशा में एक अनुकरणीय पहल बताया और कहा कि इस स्तर का निर्माण कार्य तो अक्सर शहरों में ही देखने को मिलता है।

चिल्ड्रन पार्क में बच्चों के मनोरंजन और सर्वांगीण विकास के लिए झूले, स्लाइड, बैठने के चबूतरे, हरियाली और फूलों की सजावट की बेहतरीन व्यवस्था की गई है। वहीं खेल मैदान ग्रामीण युवाओं की प्रतिभा निखारने का मंच बनेगा।

राज्यभर में बन रहे 6800 से अधिक खेल मैदान

मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार सरकार के प्रयासों से राज्य में 6800 से अधिक खेल मैदानों का निर्माण कार्य जारी है, जो देश में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में अपार प्रतिभा है, जिसे आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आधारभूत ढांचे बेहद जरूरी हैं।

बच्चों से संवाद, मुख्यमंत्री का आभार

मंत्री ने बच्चों से संवाद कर उन्हें खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का विशेष आभार व्यक्त किया जिनके नेतृत्व में यह पहल संभव हो सकी।

जिला स्तर पर योजनाओं की सराहना

पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री श्री कुमार ने बताया कि किशनगंज जिला में ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, जीविका, एवं लोहिया स्वच्छता अभियान के तहत सराहनीय कार्य हो रहा है। राज्य स्तर पर जिले की रैंकिंग बेहतर हो रही है। उन्होंने जीविका द्वारा आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में भाग लेने का अनुभव साझा करते हुए कहा कि ग्रामीण महिलाओं में आत्मविश्वास और जागरूकता का स्तर काफी उत्साहजनक है।

ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में मजबूत कदम

यह उद्घाटन समारोह केवल एक निर्माण कार्य का शुभारंभ नहीं, बल्कि ग्रामीण सशक्तिकरण, बाल विकास और समावेशी समाज निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!