इश्क के चक्कर में रची अपहरण की झूठी कहानी, दो सगी बहनों की पोल खोल गये SSP….

ओमप्रकाश/रांची//राजधानी रांची से रहस्यमय तरीके से लापता हुई हिंदपीढ़ी की रहने वाली दो लड़कियों के मामले का खुलासा रांची पुलिस ने कर लिया है।इस मामले में मुख्य आरोपी समेत कुल पांच लड़कों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त में मोहम्मद इस्माइल, जुनेद आलम मजहर आलम उर्फ गड़बड़, इमरान खान और क़ासिद फिरोज शामिल है। पुलिस ने इनके पास से एक ऑल्टो कार, एक स्कूटी, पांच मोबाइल एवं जाली तथा ओरिजिनल आधार कार्ड बरामद किया है।
एसएसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी…
इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए गुरुवार को रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते हुए बताया कि घटना के बाद रांची के सिटी एसपी राजकुमार मेहता के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया था जिसमें कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए एवं अन्य पदाधिकारी शामिल थे। टीम के द्वारा सभी बिंदुओं पर जांच किया गया तब पता चला दोनों लड़कियां मंगल टावर के पास से एक ऑल्टो कार में एक लड़के के साथ बूटी मोड़, ओरमांझी सिकिदरी होते हुए चितरपुर गई और वहां से कोडरमा वाराणसी होते हुए ट्रेन से कर्नाटक पहुंच गई।
इन लड़कियों का कोई अपहरण नहीं हुआ था। यह सभी लोग पूर्व से परिचित हैं। इन्होंने मुख्य अभियुक्त के बहकावे में आकर अपने परिजनों को फोन कर ऑटो से दूसरे रास्ते पर ले जाने की झूठी बात कही और झूठे अपहरण होने का ऑडियो वायरल किया था।
पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद सदमे में लड़कियां…
इस साजिश में दोनों लड़कियों की संलिप्तता को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है। दोनों लड़कियां अभी गहरे सदमे में हैं, इसलिये धीरे-धीरे उनकी काउंसलिंग की जा रही है, उनसे पूछताछ के बाद ही सारी चीजें स्पष्ट होंगी और फिर विस्तृत जानकारी दी जा सकेगी।
दोनों लड़कियां हैं बालिग..
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि दोनों लड़कियां बालिग हैं। दोनों लड़कियों की बरामदगी के लिए रांची पुलिस की टीम को गढ़वा SP दीपक कुमार पांडेय, नगर उटारी थाना प्रभारी, कर्नाटक के ADG, कर्नाटक के ओपल जिले के SP और RPF का पूरा सहयोग मिला।
कर्नाटक के रायचूर जिले का रहने वाला है मुख्य अभियुक्त..
एसएसपी ने आगे बताया है कि इस कांड का मुख्य अभियुक्त कर्नाटक के रायचूर जिले का रहने वाला मो. इस्माइल है, जो कि हैदराबाद में काम करता है। उसका दोनों लड़कियों में से एक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और लड़कियों को भगाने की पूरी प्लानिंग उसी के द्वारा बनायी गयी थी। मो. इस्माइल पांच जनवरी को रांची आ गया था। इसके बाद सुनियोजित प्लानिंग के तहत वह अपने चार सहयोगियों की मदद से दोनों लड़कियों को भगा कर कर्नाटक ले गया। इसमें रांची के हिंदपीढ़ी का जुनैद आलम व कासिम, रजरप्पा का मजहर आलम और गढ़वा जिले के नगर उटारी निवासी इमरान खान ने उसका पूरा साथ दिया।
पुलिस से बचने के लिए वाईफाई का किया इस्तेमाल…
वही पुलिस द्वारा पांचों आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि ऑटो से अपहरण की बात झूठ थी। इन लोगों ने भागने के लिये अल्टो कार का उपयोग किया था। बता दे कि परिजनों को भ्रमित करने के लिये झूठे अपहरण का ऑडियो भी वायरल किया गया था।इन अभियुक्तों के द्वारा बड़े ही शातिराना अंदाज में पुलिस को चकमा देने की कोशिश की गयी, ताकि इन्हें ट्रेस नहीं किया जा सके। इसके लिये इनलोगों ने कई बार मोबाइल व सिम को इस्तेमाल करके तोड़ा, वहीं, बातचीत के लिये रेलवे का फ्री वाईफाई और दोस्तों को स्टेशन पर बुलाकर उनके फोन से वाईफाई का उपयोग किया। पुलिस ने इनके पास एक तोड़ा हुआ मोबाइल बरामद भी किया है।