ताजा खबर

गौतम ब्राइट पब्लिक स्कूल में देशभक्ति के उल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

त्रिलोकी नाथ प्रसाद।।गौतम ब्राइट पब्लिक स्कूल, न्यू यारपुर, गर्दनीबाग परिसर में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर को तिरंगे एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत सजावट से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय नजर आया।

समारोह की मुख्य अतिथि मधु मंजरी कुशवाहा, उपाध्यक्ष, बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल रहीं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीनाथ बौद्ध, उपाध्यक्ष, अखिल भारतीय बौद्ध महासभा; अखिलेश कुमार, महामंत्री, शोषित समाज दल; विश्वमोहन चौधरी संत, वरिष्ठ पत्रकार; तथा कुमार मानव, प्रसिद्ध रंगकर्मी एवं नाट्य निर्देशक की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत झंडोत्तोलन के साथ हुई। झंडोत्तोलन के पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया, जिससे वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर नृत्य, समूह गान एवं संगीत की एक से बढ़कर एक आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को नमन किया और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने अपने संबोधन में गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन हमें संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के मूल मूल्यों—न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व—को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

विद्यालय के निदेशक एस.पी. गौतम ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व विद्यार्थियों में देशप्रेम, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं के सहयोग की सराहना की तथा सभी सम्मानित अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

समारोह का समापन राष्ट्र के विकास, सामाजिक समरसता और संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ किया गया। पूरा कार्यक्रम प्रेरणादायक एवं यादगार रहा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!