अपराधकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : महानंदा पुल पर स्कॉर्पियो से 169.890 लीटर विदेशी शराब जब्त

बंगाल से मुंगेर ले जाई जा रही थी शराब की खेप, अंतरजिला तस्कर अंशु कुमार गिरफ्तार

किशनगंज, 16 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए उत्पाद विभाग की टीम लगातार शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में बुधवार को उत्पाद विभाग की टीम ने मस्तान चौक स्थित महानंदा पुल के समीप विशेष जांच अभियान चलाकर एक स्कॉर्पियो वाहन से 169.890 लीटर विदेशी शराब बरामद की। मौके से एक अंतरजिला शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया।

उत्पाद निरीक्षक मोहम्मद हैदर अली को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से शराब की बड़ी खेप एक चारपहिया वाहन के माध्यम से बिहार के आंतरिक जिलों में भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने महानंदा पुल के समीप वाहनों की सघन जांच शुरू की।

इसी दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखी गई 169.890 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। उत्पाद विभाग की टीम ने शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंशु कुमार के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी के पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाके से शराब की खेप लाकर मुंगेर जिले में खपाने की तैयारी में होने की जानकारी सामने आई है।उत्पाद विभाग ने आरोपी के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद विभाग ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ जिले में अभियान आगे भी जारी रहेगा।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button