District Adminstrationकिशनगंजगिरफ्तारीपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : शराब के नशे में हंगामा व तोड़फोड़ करते लेखापाल गिरफ्तार

किशनगंज, 04 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिला कृषि कार्यालय परिसर स्थित जिला उद्यान कार्यालय में शराब के नशे में हंगामा और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में एक लेखापाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जिला उद्यान कार्यालय में पदस्थापित लेखापाल गुंजेश झा के रूप में हुई है। घटना बुधवार शाम खगड़ा हवाई अड्डा स्थित जिला कृषि कार्यालय भवन की दूसरी मंजिल पर हुई।

जानकारी के अनुसार बुधवार शाम लेखापाल गुंजेश झा कार्यालय परिसर में नशे की हालत में पहुंचकर हंगामा करने लगे। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के एक कक्ष के दरवाजे पर जोर-जोर से प्रहार किया तथा खिड़की का शीशा तोड़ दिया, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा। स्थिति बिगड़ती देख जिला उद्यान पदाधिकारी राखी कुमारी ने तत्काल सदर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी लेखापाल को हिरासत में लेकर जांच की। पुलिस द्वारा ब्रेथ एनालाइजर से की गई जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद उसे गिरफ्तार कर सदर थाना लाया गया।

इस संबंध में जिला उद्यान पदाधिकारी राखी कुमारी के आवेदन पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज आवेदन में उन्होंने बताया है कि बुधवार शाम करीब 5:15 बजे उन्होंने गुंजेश झा को नशे की हालत में देखा। आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर में उत्पात मचाते हुए दरवाजे और खिड़की को क्षतिग्रस्त कर दिया।

इधर मामले ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। बताया जाता है कि घटना के समय गुंजेश झा की ड्यूटी जिलाधिकारी कार्यालय स्थित नियंत्रण कक्ष में दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक निर्धारित थी। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि वह अपनी ड्यूटी छोड़कर जिला उद्यान कार्यालय कैसे पहुंच गए। साथ ही यह भी जांच का विषय बना हुआ है कि क्या वह पूर्व में भी शराब के नशे में कार्यालय आते रहे हैं और यदि ऐसा था तो संबंधित अधिकारियों द्वारा पहले कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!