“लोकनायक जयप्रकाश नारायण के आदर्श आज भी लोकतंत्र और जनसेवा के लिए प्रेरणास्रोत : डॉ. प्रेम कुमार

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महा नायक, संपूर्ण क्रांति के प्रणेता एवं भारत रत्न से सम्मानित लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि जयप्रकाश नारायण भारतीय राजनीति के ऐसे महान जननेता थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज, राष्ट्र और जनहित के लिए समर्पित कर दिया। उनका जीवन त्याग, संघर्ष, नैतिकता और जनसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने सत्ता और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और जनभागीदारी को सशक्त बनाने के लिए आजीवन प्रयास किया। उनकी संपूर्ण क्रांति की अवधारणा केवल राजनीतिक परिवर्तन तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसमें सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और नैतिक परिवर्तन की व्यापक परिकल्पना निहित थी।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि जयप्रकाश नारायण जी ने अपने विचारों और आंदोलनों के माध्यम से युवाओं में नई चेतना का संचार किया तथा लोकतंत्र में जनभागीदारी और नागरिक अधिकारों के महत्व को रेखांकित किया। उनके विचार आज भी जनप्रतिनिधियों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को जनसेवा तथा राष्ट्रहित के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि त्याग, संघर्ष और लोककल्याण के प्रति जयप्रकाश नारायण जी की प्रतिबद्धता भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास में उन्हें विशिष्ट स्थान प्रदान करती है। उनके आदर्शों को आत्मसात करना और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।


