
रांची// बिशप हार्टमैन एकेडमी रांची में वार्षिक दिवस शनिवार 28 नवंबर 2026 को धूमधाम से संपन्न हुआ। इस वर्ष वार्षिक दिवस को ‘ए कल्चरल कम र्पोर्ट एग्जिबिट के रूप में मनाया गया।शनिवार का यह खास दिन किसी बड़े उत्सव से कम नहीं लग रहा था।स्कूल के मैदान में एक तरफ अनुशासन की कतारें थीं, तो दूसरी तरफ बच्चों के चेहरे पर कुछ कर दिखाने का उत्साह। सुबह से ही अभिभावकों और मेहमानों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था, और देखते ही देखते पूरा परिसर तालियों और बच्चों की किलकारियों से गूंज उठा।
मुख्य अतिथि फादर रेजिनाल्ड फुर्ताडो ने दीप प्रज्वलित किया
समारोह का आगाज बेहद खास अंदाज में हुआ। मुख्य अतिथि फादर रेजिनाल्ड फुर्ताडो ने दीप प्रज्वलित किया और इसके बाद आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए। हवा में तैरते ये गुब्बारे बच्चों की खुशी, नई उम्मीदों और ऊंची उड़ान के सपनों को बयां कर रहे थे। इस अवसर पर विद्यालय के सभी अभिभावकों को सम्मानित अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था, जिससे बच्चों का उत्साह दोगुना हो गया। गुब्बारों के आसमान छूते ही मैदान में बैंड की धुन गूंजी और चारों हाउस के विद्यार्थियों ने कदम से कदम मिलाते हुए भव्य मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। अनुशासन और एकता की यह झलक पूरे कार्यक्रम का सबसे यादगार हिस्सा बन गई।
मजेदार प्रतियोगिताओं ने दर्शकों का मन मोह लिया
मार्च पास्ट के बाद खेल के मैदान में रोमांच का दौर शुरू हुआ। 80 मीटर और 100 मीटर की फर्राटा दौड़ में बच्चों की रफ्तार देखने लायक थी, तो रिले रेस में टीम वर्क का शानदार नजारा दिखा। वहीं, बोरा दौड़, स्पून रेस और फ्रॉग रेस जैसी मजेदार प्रतियोगिताओं ने दर्शकों का मन मोह लिया। खेल का जोश अभी थमा भी नहीं था कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांध दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने जंगल डांस, जम्बो डांस, सर्कस, इंडियन फेस्टिवल डांस और लोक नृत्य की प्रस्तुति देकर ऐसा जादू बिखेरा कि हर कोई झूम उठा। ड्रिल और पिरामिड के जरिए बच्चों ने अपनी फुर्ती और संतुलन का परिचय दिया, जबकि संत फ्रांसिस के जीवन पर आधारित लघु नाटिका ने सभी को भावुक कर दिया और एक गहरा संदेश भी दिया।
होनहारों को किया गया सम्मानित, तालियों से गूंज उठा परिसर
खेल और कला के इस संगम के बाद बारी थी उन होनहारों को सम्मानित करने की, जिन्होंने साल भर की मेहनत से स्कूल का नाम रोशन किया था। मुख्य अतिथि फादर रेजिनाल्ड फुर्ताडो ने आईसीएसई और आईएससी बोर्ड परीक्षा 2026 के डिस्ट्रिक्ट टॉपर्स और सब्जेक्ट टॉपर्स को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया। साथ ही दिन भर चली खेल प्रतियोगिताओं में बाजी मारने वाले विजेताओं के गले में मेडल पहनाए गए और उन्हें ट्रॉफी व प्रमाण पत्र सौंपे गए। कार्यक्रम के आखिरी पड़ाव में विद्यालय के प्राचार्य फादर ओसवल्ड माड्या ने मुख्य अतिथि, अभिभावकों, शिक्षकों और बच्चों का दिल से आभार जताया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।





